सोशल मीडिया की नई मीम क्वीन कौन हैं सिंथिया एरिवो? जानें क्यों हो रही वायरल

Cynthia Erivo : हॉलीवुड में इन दिनों एक नाम खूब सुर्खियों में है Cynthia Erivo. सोशल मीडिया पर उनके एक मजेदार रिएक्शन, स्टाइल और बेबाक अंदाज के चलते उन्हें अब इंटरनेट की नई मीम क्वीन कहा जा रहा है। इतना ही नहीं, हाल ही में एक इवेंट के दौरान उन्होंने पॉप सिंगर Ariana Grande की सुरक्षा कर सभी का दिल जीत लिया, जिसके बाद फैंस उन्हें गार्डियन एंजेल भी कहने लगे हैं। आज सिंथिया एरिवो सिर्फ एक शानदार अदाकारा ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया सेंसेशन भी बन चुकी हैं। उनके एक्सप्रेशन, ड्रेसिंग स्टाइल और आत्मविश्वास को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

लंदन से हॉलीवुड फिर ऑस्कर तक पहुंचने वाली अभिनेत्री

सिंथिया एरिवो का जन्म 8 जनवरी 1987 को लंदन में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और धीरे-धीरे ब्रॉडवे और फिर हॉलीवुड तक पहुंचीं। अपनी शानदार आवाज और दमदार अभिनय के दम पर उन्होंने बहुत कम समय में बड़ी पहचान बना ली। सिंथिया एरिवो को असली पहचान साल 2019 में आई फिल्म Harriet से मिली, जिसमें उन्होंने ऐतिहासिक किरदार हैरियट टबमैन निभाया था। इस दमदार रोल के लिए उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला। इससे पहले वे ब्रॉडवे के मशहूर म्यूजिकल शो द कलर पर्पल के लिए टोनी अवॉर्ड, ग्रैमी और एमी अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं।

विकेड से फिर चर्चा में आई अभिनेत्री

इन दिनों सिंथिया अपनी नई म्यूजिकल फिल्म Wicked को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ एरियाना ग्रांडे भी नजर आ रही हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान सिंथिया के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फिल्म प्रमोशन के दौरान सिंथिया के कुछ मजेदार रिएक्शन इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गए। फैन इवेंट में एक लड़की ने उनसे कहा कि उसके पास उनका खोया हुआ हैट है, यह सुनकर सिंथिया का हैरान और मजेदार रिएक्शन लोगों को इतना पसंद आया कि उस पर मीम बन गए। एक अन्य कार्यक्रम में कैमरे के सामने उनका एक्सप्रेशन भी वायरल हो गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब मजाक और तारीफ हो रही है। इन्हीं वजहों से अब उन्हें इंटरनेट की मीम क्वीन कहा जा रहा है।

जब बनीं एरियाना की गार्डियन एंजेल

इससे पहले हाल ही में एक रेड कार्पेट इवेंट के दौरान एक फैन अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर एरियाना ग्रांडे की ओर बढ़ने लगा। उसी वक्त सिंथिया ने तुरंत हालात को समझते हुए एरियाना को पीछे किया और उन्हें सुरक्षित जगह पर ले गईं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने सिंथिया की जमकर तारीफ की। इसके बाद से लोग उन्हें एरियाना ग्रांडे की गार्डियन एंजेल कहने लगे। लंदन से निकलकर हॉलीवुड तक पहुंचने वाली सिंथिया एरिवो आज न सिर्फ अवॉर्ड विनर एक्ट्रेस हैं, बल्कि नई पीढ़ी की सोशल मीडिया आइकन भी बन चुकी हैं। आने वाले समय में उनकी फिल्म विकेड से उनसे और भी बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *