यूपी-बिहार वालों के लिए खुशखबरी…दिवाली और छठ पर चलेंगी 1000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें,

Indian Railway: त्योहारी सीजन जैसे-जैसे नज़दीक आता है, वैसे-वैसे घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने लगती है. खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े लोग दशहरा, दिवाली और छठ महापर्व पर अपने-अपने घर पहुंचने के लिए लंबी दूरी की ट्रेनें पकड़ते हैं. लेकिन अक्सर टिकट न मिलने या भारी भीड़ के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है. इस समस्या को देखते हुए सेंट्रल रेलवे (मध्य रेलवे) ने इस साल यात्रियों को बड़ी राहत दी है. रेलवे ने इस त्योहारी सीजन में कुल 1126 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जिससे हजारों यात्री बिना किसी दिक्कत के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

इनमें से 944 स्पेशल ट्रेनें पहले ही घोषित की जा चुकी थीं और अब रेलवे ने 182 नई ट्रेनें और जोड़ दी हैं. ये ट्रेनें लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), पुणे और हडपसर जैसे बड़े स्टेशनों से रवाना होकर यूपी-बिहार के दानापुर, मऊ, बनारस के अलावा झारखंड के धनबाद और बिहार के रक्सौल, सहरसा तक जाएंगी। इसके अलावा करीमनगर और सांगानेर जैसे रूट्स पर भी यात्रियों को त्योहारी तोहफा मिलेगा.

प्रमुख ट्रेनें और उनके रूट

सबसे ज्यादा भीड़ वाले रूट्स को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों की समय सारणी जारी की है.

LTT–Danapur Bi-weekly Special (01017/01018): यह ट्रेन 27 सितंबर से 1 दिसंबर 2025 तक हर सोमवार और शनिवार को चलेगी। दानापुर से वापसी की सुविधा भी तय दिनों पर उपलब्ध होगी.
LTT–Mau Bi-weekly Special (01123/01124): 26 सितंबर से 30 नवंबर तक यह ट्रेन चलेगी और मऊ के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
LTT–Banaras Bi-weekly Special (01051/01052): 24 सितंबर से 27 नवंबर तक यह सेवा यात्रियों को बनारस पहुंचाएगी.
LTT–Karimnagar Weekly Special (01067/01068): इसमें यात्रियों के लिए खास तौर पर 1 AC फर्स्ट क्लास कोच की सुविधा दी जाएगी.
Pune–Amravati, Pune–Sanganer Superfast और Bi-weekly Specials भी इस लिस्ट में शामिल हैं, जो महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश और राजस्थान तक कनेक्टिविटी बढ़ाएंगी.

रिजर्वेशन और टिकटिंग सुविधा

सेंट्रल रेलवे ने इन स्पेशल ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग की शुरुआत 14 सितंबर 2025 से कर दी है। यात्री टिकट IRCTC वेबसाइट (www.irctc.co.in), कम्प्यूटरीकृत रिजर्वेशन सेंटर और UTS मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से बुक कर सकते हैं। वहीं, अनारक्षित कोच के टिकट काउंटर से भी खरीदे जा सकते हैं.

अतिरिक्त सेवाएं

रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि इस बार कुछ पुरानी स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं को भी बढ़ाया गया है. इनमें हडपसर–दानापुर पूजा स्पेशल के अलावा एलटीटी से धनबाद, रक्सौल और सहरसा जाने वाली ट्रेनों का विस्तार भी शामिल है.

1126 स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था से उम्मीद की जा रही है कि यात्रियों को टिकट की किल्लत और भीड़भाड़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। यूपी-बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए यह ऐलान दिवाली और छठ के त्योहार को और भी खास बना देगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *