ठंड से बचने के लिए खाते है सर्दियों का देसी सुपरफूड…जानिए किन लोगों को भूलकर भी नहीं करना चाहिए इसका सेवन

Gud khane ke nuksan : सर्दियों का मौसम आते ही घर-घर में गुड़ का इस्तेमाल बढ़ जाता है. कोई इसे चाय में मिलाकर पीता है, तो कोई खाने के बाद मीठे के रूप में. आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, सोडियम, फॉस्फोरस और सेलेनियम जैसे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर गुड़ को आयुर्वेद में ‘देसी सुपरफूड’ का दर्जा दिया गया है. यह न सिर्फ शरीर को गर्म रखता है, बल्कि इम्यूनिटी बढ़ाने और खून की कमी दूर करने में भी मदद करता है.

नुकसानदायक हो सकता है गुड़

लेकिन हेल्दी समझे जाने वाले गुड़ का सेवन हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं है. विशेषज्ञों की मानें तो कुछ खास बीमारियों और शारीरिक स्थितियों में गुड़ नुकसान भी पहुंचा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे 7 वर्ग के लोग, जिन्हें गुड़ का सेवन सोच-समझकर या बिल्कुल नहीं करना चाहिए.

  • एसिडिटी और गैस से परेशान लोग

एसिडिटी से पीड़ित लोगों के लिए गुड़ खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर खाली पेट. गुड़ पाचन एंजाइम को तेज कर देता है, जिससे पेट में एसिड का स्तर बढ़ सकता है. इसका नतीजा सीने में जलन, खट्टी डकार और मेटाबॉलिज्म में गड़बड़ी के रूप में सामने आता है.

  • डायबिटीज के मरीज

डायबिटीज के मरीजों को अक्सर यह भ्रम रहता है कि गुड़, चीनी से ज्यादा सुरक्षित है, जबकि हकीकत यह है कि गुड़ का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत ज्यादा होता है. इसमें मौजूद सुक्रोज, ग्लूकोज और फ्रुक्टोज ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकते हैं, जिससे शुगर अनकंट्रोल हो सकती है.

  • वजन बढ़ने से परेशान लोग

गुड़ में प्राकृतिक शर्करा और कैलोरी की मात्रा काफी अधिक होती है. रोजाना अधिक मात्रा में गुड़ खाने से शरीर में अतिरिक्त कैलोरी जमा होने लगती है, जिससे वजन तेजी से बढ़ सकता है. जो लोग मोटापे से जूझ रहे हैं, उन्हें गुड़ सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए.

  • पाचन तंत्र कमजोर होने पर

अधिक मात्रा में गुड़ खाने से पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इससे पेट फूलना, गैस, दर्द और यहां तक कि दस्त की समस्या भी हो सकती है. अत्यधिक उत्तेजना के कारण आंतों की कार्यप्रणाली बिगड़ सकती है, जिससे पेट खराब रहता है.

  • दांतों की समस्या वाले लोग

गुड़ की बनावट चिपचिपी होती है. इसे खाने के बाद अगर मुंह की सही सफाई न की जाए, तो यह दांतों पर चिपक जाता है. इससे बैक्टीरिया पनपते हैं, जो एसिड बनाकर दांतों की ऊपरी परत यानी इनेमल को नुकसान पहुंचाते हैं. नतीजतन कैविटी और सड़न की समस्या हो सकती है.

  • एलर्जी से ग्रसित लोग

कुछ लोगों को गन्ने या उससे बने उत्पादों से एलर्जी हो सकती है. गुड़ में मौजूद अशुद्धियां भी एलर्जिक रिएक्शन का कारण बन सकती हैं. इसके लक्षणों में पेट फूलना, त्वचा पर खुजली, रैशेज, नाक बहना, सिरदर्द और मतली शामिल हैं.

  • बार-बार दस्त या पेट खराब रहने वाले लोग

जिन लोगों को बार-बार दस्त या पेट खराब रहने की समस्या रहती है, उन्हें गुड़ खाने से बचना चाहिए. गुड़ आंतों को उत्तेजित करता है, जिससे यह समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है.

क्या है इसका उपाय

भले ही आयरन और मिनरल्स से भरपूर होने की वजह से गुड़ को देसी सुपरफूड कहा जाता हो, लेकिन यह हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं है. एसिडिटी, डायबिटीज, मोटापा, कमजोर पाचन, दांतों की समस्या और एलर्जी जैसी स्थितियों में गुड़ का सेवन नुकसानदेह भी साबित हो सकता है. विशेषज्ञों की सलाह है कि गुड़ को भी संतुलित मात्रा में और अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर ही डाइट में शामिल करना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *