Dopamine detox : आज के आधुनिक दौर में लोगों की सुबह की दिनचर्या तेजी से बदल रही है. जहां पहले लोग दिन की शुरुआत ताजी हवा, सूर्योदय और हल्की सैर के साथ करते थे, वहीं अब अधिकतर लोग जागते ही सबसे पहले अपने मोबाइल फोन पर नोटिफिकेशन चेक करते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह आदत धीरे-धीरे मानसिक स्वास्थ्य और उत्पादकता पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है.
डिजिटल आदतों पर बढ़ती चिंता
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, मोबाइल, सोशल मीडिया और रील्स के लगातार उपयोग से दिमाग में डोपामिन नामक न्यूरोट्रांसमीटर का असंतुलन पैदा हो सकता है. डोपामिन को फील-गुड हार्मोन भी कहा जाता है, जो खुशी, प्रेरणा और फोकस से जुड़ा होता है. लेकिन जब व्यक्ति बार-बार त्वरित मनोरंजन (instant gratification) की ओर आकर्षित होता है, तो दिमाग उसी पैटर्न का आदी बन जाता है.इसका परिणाम यह होता है कि पढ़ाई, काम या शारीरिक गतिविधियों जैसी सामान्य चीजें उबाऊ लगने लगती हैं. साथ ही, फोकस में कमी, नींद की समस्या, उत्पादकता में गिरावट और तनाव व चिंता जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं.
मोबाइल देखने की आदत दिमाग पर डाल रही असर
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए डोपामिन डिटॉक्स का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इसका उद्देश्य कुछ समय के लिए मोबाइल, सोशल मीडिया और अन्य हाई-स्टिमुलेशन गतिविधियों से दूरी बनाकर दिमाग को रीसेट करना है, ताकि व्यक्ति साधारण गतिविधियों से भी संतुष्टि महसूस कर सके.
क्या है फील-गुड हार्मोन का सोर्स
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को बार-बार ध्यान भटकने, बिना फोन के बेचैनी, छोटे कामों में कठिनाई या मानसिक ओवरलोड जैसी समस्याएं महसूस होती हैं, तो यह डोपामिन असंतुलन का संकेत हो सकता है. इससे बचाव के लिए कुछ सरल उपाय हो सकते हैं..
- सुबह उठते ही मोबाइल फोन देखने से बचें
- सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें
- जंक फूड से दूरी बनाएं
- रोजाना 30 से 45 मिनट तक व्यायाम या ध्यान करें
- पढ़ने की आदत विकसित करें
- काम के दौरान अनावश्यक डिस्ट्रैक्शन से दूर रहें
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि व्यक्ति अपनी डिजिटल आदतों पर नियंत्रण रखे और स्वयं के लिए समय निकाले, तो मानसिक शांति, बेहतर फोकस और उत्पादकता में सुधार संभव है.