RailOne : यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी डिजिटल पहल करते हुए ‘RailOne’ नाम का नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को ज्यादा आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। ऐप को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) के 40वें स्थापना दिवस के मौके पर लॉन्च किया।
क्या है RailOne ऐप?
RailOne एक वन-स्टॉप मोबाइल प्लेटफॉर्म है, जो यात्रियों को रेलवे से जुड़ी कई सेवाएं एक ही जगह पर मुहैया कराता है। अब तक यात्रियों को रेलवे की विभिन्न सुविधाओं के लिए अलग-अलग ऐप या वेबसाइट का सहारा लेना पड़ता था, जैसे टिकट बुकिंग, ट्रेन इन्क्वायरी, प्लेटफॉर्म टिकट, फीडबैक या कैटरिंग सेवा। RailOne ऐप इन सभी सुविधाओं को एक ही इंटरफेस में समेटता है, जिससे यात्रियों को समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
iPhone और Android दोनों के लिए उपलब्ध
RailOne ऐप को एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। यात्री इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।
- रिजर्व और अनरिजर्व टिकट बुकिंग:
अब यात्री IRCTC रिजर्वेशन और अनरिजर्व टिकट दोनों की बुकिंग एक ही ऐप से कर सकेंगे।
- प्लेटफॉर्म टिकट की खरीदारी:
अलग-अलग ऐप की जरूरत नहीं, RailOne से अब प्लेटफॉर्म टिकट भी बुक कर सकेंगे।
- PNR स्टेटस और ट्रेन इन्क्वायरी:
ट्रेन की लोकेशन, स्टेटस और यात्रा संबंधी अन्य जानकारी रियल-टाइम में मिलेगी।
- जर्नी प्लानिंग फीचर:
यात्री अपने ट्रैवल प्लान को ऐप में मैनेज और ट्रैक कर सकते हैं।
- रेल मदद से फीडबैक और शिकायतें:
ऐप में ‘Rail Madad’ प्लेटफॉर्म की सुविधाएं इंटीग्रेट की गई हैं ताकि यात्री अपनी शिकायतें दर्ज कर सकें और समाधान पा सकें।
- खाना ऑर्डर करने की सुविधा:
अब यात्रियों को ट्रेन में भोजन के लिए अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी, RailOne से सीधे खाना बुक किया जा सकता है।
- सिंगल साइन-ऑन फीचर:
RailConnect, UTS, Rail Madad, eCatering, और R-Wallet जैसे प्लेटफॉर्म्स के लिए अलग-अलग पासवर्ड की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ mPIN या बायोमेट्रिक के माध्यम से एक ही लॉगिन से सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
क्यों खास है RailOne?
अब तक यात्रियों को रेलवे की सुविधाओं के लिए अलग-अलग ऐप्स और पोर्टल्स जैसे IRCTC, UTSonMobile, Rail Madad, Rail Connect, eCatering, और NTES का उपयोग करना पड़ता था। इससे न सिर्फ कंफ्यूजन होता था बल्कि यूजर एक्सपीरियंस भी जटिल हो जाता था। RailOne इस परेशानी को खत्म करता है और यात्रियों को एक स्मार्ट और सिंपल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करता है। रेल मंत्रालय का मानना है कि यह ऐप डिजिटल इंडिया अभियान के तहत रेलवे यात्री सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके ज़रिए रेलवे भविष्य में और भी सुविधाएं इस ऐप में जोड़ने की योजना बना रहा है।