Heater-blower alternatives : देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। तापमान लगातार गिर रहा है, ऐसे में लोग रूम हीटर और ब्लोअर का सहारा ले रहे हैं। लेकिन बढ़ते बिजली बिल और आग लगने के खतरे के बीच अब लोग ऐसे देसी और सुरक्षित तरीकों की तलाश कर रहे हैं, जिनसे बिना हीटर के भी कमरा गर्म रखा जा सके। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप ठंड से भी बच सकते हैं और बिजली की अच्छी-खासी बचत भी कर सकते हैं।
धूप को बनाएं अपना फ्री हीटर
शीतकाल में धूप सबसे बड़ी प्राकृतिक गर्मी का स्रोत होती है। दिन में खिड़कियों के पर्दे पूरी तरह खोल दें। शाम होते ही मोटे पर्दे बंद कर दें।इससे दिनभर की गर्मी कमरे में ही बंद रहती है और रात में ठंड का असर कम होता है।
दरवाजे-खिड़कियों से आने वाली ठंडी हवा करें बंद
कमरे के अंदर ठंड का सबसे बड़ा कारण होता है दरारों से आने वाली ठंडी हवा। दरवाजे के नीचे पुराना तौलिया या मोटा कपड़ा रखें। खिड़कियों की दरारों को कार्डबोर्ड या थर्माकोल से बंद करें। इससे ठंडी हवा अंदर नहीं आएगी और कमरे की गर्मी बाहर नहीं जाएगी।
फर्श से ठंड रोकने का सबसे आसान तरीका
टाइल्स और पत्थर की फर्श ठंड को तेजी से फैलाती है। फर्श पर मोटा कालीन, दरी या गद्दा बिछाएं। सोते समय पैरों के नीचे जरूर कुछ बिछाकर रखें। इससे नीचे से आने वाली ठंड तुरंत रुक जाती है।
दीवारों से ठंड रोकने का देसी उपाय
जिन दीवारों से बाहर की ठंड ज्यादा आती है, वहां मोटा कंबल या पर्दा टांग दें। खासतौर पर उत्तर दिशा की दीवार पर यह तरीका बेहद असरदार साबित होता है।
मोमबत्ती और दीया भी दे सकता है गर्मी
अगर बिजली नहीं हो तो 1-2 मिट्टी के दीए या मोमबत्ती से भी हल्की गर्मी मिल सकती है। हालांकि इसे पर्दों, बिस्तर और बच्चों से दूर रखना जरूरी है ताकि कोई हादसा न हो।
गर्म पानी की बोतल बना सकती है बिस्तर गर्म
रात में सोने से पहले गर्म पानी की बोतल कंबल में लपेटकर बिस्तर में रखें। यह पूरी रात गर्मी देती रहती है। यह तरीका गांवों में आज भी सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।
सही कपड़े पहनना भी हीटर से कम नहीं
ऊनी कपड़ों की लेयरिंग करें। सिर पर टोपी और पैरों में मोजे जरूर पहनें। शरीर की 40 प्रतिशत गर्मी सिर और पैरों से निकलती है, ऐसा विशेषज्ञ मानते हैं।
गर्म खाना और पेय भी बनते हैं अंदरूनी हीटर
सूप, चाय, कॉफी, दूध, अदरक-काली मिर्च और गुड़ वाली चाय शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं और ठंड का असर कम होता है।
बिजली बिल में 60–70 प्रतिशत तक हो सकती है बचत
अगर आप धूप का सही इस्तेमाल करते हैं और दरवाजे-खिड़कियों को बंद रखते हैं. फर्श और दीवार को ढककर एक ही कमरे में रहते है तो ज्यादातर मामलों में रूम हीटर की जरूरत ही नहीं पड़ती। बढ़ती ठंड के बीच ये देसी उपाय न सिर्फ आपको गर्म रखेंगे बल्कि आग के खतरे से भी बचाएंगे और बिजली के भारी बिल से भी राहत देंगे। थोड़ी सावधानी और समझदारी से सर्दी का मौसम सुरक्षित और आरामदायक बनाया जा सकता है।