कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने आखिरकार रायबरेली सीट अपने पास रखने और वायनाड छोड़ने का फैसला किया है। पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा कि दोनों लोकसभा क्षेत्रों से जीत हासिल करने के बाद राहुल गांधी ने रायबरेली सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को 3,90,030 मतों से हराकर अपने परिवार के गढ़ रायबरेली सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने वायनाड सीट पर भी 3,64,422 मतों से जीत हासिल की थी। उन्होंने माकपा उम्मीदवार एनी राजा को हराया था।
लोस चुनाव में वायनाड सीट पर 3,64,422 मतों से Rahul Gandhi ने जीत हासिल की
इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी। इस बारे में जानकारी देते हुए खड़गे ने कहा कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लोग चाहते हैं कि राहुल गांधी अपनी सीट बरकरार रखें, लेकिन एक सांसद के लिए दो सीटों पर कब्जा करना कानूनी रूप से संभव नहीं है, इसलिए वह वायनाड छोड़ देंगे।कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा राहुल गांधी दो लोकसभा सीटों से जीते हैं लेकिन कानून के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। राहुल गांधी रायबरेली सीट रखेंगे और वायनाड लोकसभा सीट छोड़ देंगे।
रायबरेली और अमेठी से मेरा बहुत पुराना रिश्ता है और इसे तोड़ा नहीं जा सकता : प्रियंका
प्रियंका गांधी ने भी वायनाड सीट से उनके प्रतिनिधित्व की घोषणा होने पर खुशी जाहिर की और कहा कि वह सभी को खुश करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा मैं वायनाड का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम होने के कारण बहुत खुश हूं और मैं उन्हें Rahul Gandhiकी अनुपस्थिति महसूस नहीं होने दूंगी। मैं कड़ी मेहनत करूंगी और सभी को खुश करने और एक अच्छा प्रतिनिधि बनने की पूरी कोशिश करूंगी। रायबरेली और अमेठी से मेरा बहुत पुराना रिश्ता है और इसे तोड़ा नहीं जा सकता। मैं रायबरेली में अपने भाई की भी मदद करूंगी। हम दोनों रायबरेली और वायनाड में मौजूद रहेंगे।
रायबरेली रहा है कांग्रेस का गढ़
रायबरेली लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ रहा है। इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने तीन बार और उनके पति और कांग्रेस नेता फिरोज गांधी ने दो बार, 1952 और 1957 में जीत हासिल की थी। 2004 में राहुल को बागडोर सौंपने से पहले सोनिया गांधी ने 1999 में अमेठी से चुनाव लड़ा और जीता था।