Baba Ram Rahim : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह मंगलवार सुबह सुनारिया जेल से 40 दिन की पैरोल पर बाहर निकले। सुबह करीब 7 बजे उनकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत, डेरा चेयरमैन दान सिंह और पूर्व चेयरमैन आर.के. में उन्हें लेने पहुंचे। इसके बाद काफिला सिरसा की ओर रवाना हुआ और करीब 9:05 बजे डेरा परिसर पहुंचा।
8 साल बाद डेरे में मनाएंगे जन्मदिन
राम रहीम 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर सिरसा डेरा लौटे हैं। इस दौरान वे लगभग 8 साल बाद अपने डेरे में 58वां जन्मदिन मनाएंगे। इससे पहले अप्रैल में वह 21 दिन की फरलो पर पहली बार सिरसा डेरे आए थे। अन्य मौकों पर उन्होंने अपनी फरलो और पैरोल उत्तर प्रदेश के बागपत डेरा में बिताई थी।
14 सितंबर को लौटेंगे जेल
राम रहीम को 40 दिनों की पैरोल मिली है और वे 14 सितंबर को सुनारिया जेल लौटेंगे। इस अवधि में वे मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे।
बलात्कार और हत्या के मामलों में सजा काट रहे
गुरमीत राम रहीम अगस्त 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे हैं। पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें साध्वियों से बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया था और 20-20 साल की दो सजाएं सुनाई थीं। इसके अलावा, वे एक पत्रकार की हत्या के मामले में भी दोषी हैं।
2017 की हिंसा में गई थीं 40 जानें
बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद अगस्त 2017 में पंचकूला समेत हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भड़की हिंसा में करीब 40 लोगों की जान गई थी।