पटना। बिहार के हाजीपुर जिले को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। जहां बने सुरक्षा जूतो की सप्लाई रूसी सेना को की जा रही है। इन जूतों को पहनकर रूसी सेना युद्ध क्षेत्र में अपना पराक्रम दिखा रही है। हाजीपुर स्थित कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाए गए उच्च गुणवत्ता के सुरक्षा जूतों की सप्लाई रूसी सेना को की जा रही है। इसके जरिए कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश किया है। 2018 में स्थापित, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स कंपनी अपने उत्पाद की गुणवत्ता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार का भी सृजन कर रही है।
300 लोगों के कंपनी में 70 प्रतिशत महिलाएं
कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स के महाप्रबंधक शिव कुमार रॉय ने कहा,हाजीपुर में कंपनी स्थापित करने का हमारा प्राथमिक लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना था। कंपनी में फिलहाल 300 लोग काम करते हैं। इनमें से 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। वर्तमान में कंपनी सुरक्षा जूतें रूस को निर्यात करती हैं। और कंपनी अब यूरोप में भी अवसर तलाश रही हैं। इसके साथ साथ जल्द ही घरेलू बाजार में भी इसे लॉन्च करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए बिहार में एक विश्व स्तरीय फैक्ट्री स्थापित करने की योजना पर काम हो रहा है, ताकि राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार का विकास किया जा सके।
1.5 मिलियन जोड़ी जूते का निर्यात
शिव कुमार रॉय की माने तो कंपनी ने 100 करोड़ रुपये मूल्य के 1.5 मिलियन जोड़ी जूते निर्यात किए है और आगामी वर्ष में इस आंकड़े को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना पर काम जारी है। बिहार सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए रॉय ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ बातचीत की सुविधा के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे और बेहतर संचार सुविधाओं की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। रॉय ने कहा,अपने परिचालन को बनाए रखने और बढ़ाने के लिए, हमें कुशल जनशक्ति प्रदान करने के लिए एक प्रशिक्षण संस्थान की भी आवश्यकता है। सुरक्षा जूतों के अलावा, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स लक्जरी फैशन बाजार में भी प्रगति कर रहा है। कंपनी इटली, फ्रांस, स्पेन और यूके को डिजाइनर जूते निर्यात करती है।
बिहार में फैशन उद्योग को लगेंगे नए पंख
कंपनी के फैशन विकास और विपणन प्रमुख मजहर पल्लुमैया ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए उच्च श्रेणी के जूते विकसित करना है। उन्होंने कहा, विदेशी कंपनियों की ओर से शुरुआती आपत्तियों के वावजूद गुणवत्तापूर्ण उत्पादों ने उनका विश्वास जीत लिया। हमें उम्मीद है कि इनमें से कुछ कंपनियां अगले महीने हमारे कारखाने का दौरा करेंगी।बिहार में फैशन उद्योग शुरू करने की चुनौतियों के बावजूद प्रमोटरों की दूरदर्शिता और सरकारी सहयोग के साथ, हम विस्तार जारी रखने की अपनी क्षमता में आश्वस्त हैं।