ये मुसलमान है, मैं इसे नहीं देखूंगी…”, डॉक्टर ने धर्म का हवाला देकर इलाज करने से किया इंकार

जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला महिला अस्पताल में धर्म के आधार पर इलाज से इनकार करने का मामला प्रकाश में आया है। अस्पताल में भर्ती महिला शमा परवीन उम्र 27 साल ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उन्हें और एक अन्य मुस्लिम महिला को देखने से ये कहकर मना कर दिया कि वो मुस्लिम हैं। शमा के अनुसार डॉक्टर ने कहा कि इसको मैं नहीं देखूंगी। इसे ऑपरेशन थिएटर में मत ले जाना।

मुस्लिम महिलाओं का इलाज करने से डॉक्टर ने किया मना

चंदवक निवासी शमा परवीन की शादी मोहम्मद नवाज से हुई है। प्रसव पीड़ा के दौरान उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शमा के अनुसार, घटना 30 सितंबर की रात लगभग 9:30 बजे की है। डॉक्टर ने धर्म के आधार पर उनका और एक अन्य मुस्लिम महिला का इलाज करने से इनकार कर दिया। वहीं अन्य मरीजों को देखा गया। शमा के पति मोहम्मद नवाज ने भी दावा किया कि डॉक्टर ने कहा कि महिला मुसलमान है, इसे कहीं और लेकर जाओ, हम नहीं देखेंगे। उनका कहना है कि यह व्यवहार पूरी तरह अनुचित और गैरकानूनी है।

CMS ने डॉक्टर और स्टाफ से मांगा जवाब

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला महिला अस्पताल के सीएमएस महेंद्र गुप्ता ने कहा कि अस्पताल प्रशासन ने इस घटना का संज्ञान लिया है। साथ ही संबंधित डॉक्टर और स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। हालांकि महेंद्र गुप्ता ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से मना किया है।

मीडिया ने मरीजों की निजता प्रभावित की – CMS

अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्पष्ट किया गया कि किसी भी मरीज के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं सीएमएस ने यह भी कहा कि मीडिया के लोग जबरदस्ती लेबर रूम में घुस गए। जिससे मरीजों की निजता प्रभावित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *