नई दिल्ली। आज की केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (AB PM-JAY) में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले के तहत 4.5 करोड़ परिवारों के 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर(Ayushman bharat) मिलेगा।
वरिष्ठ नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त साझा टॉप-अप कवर
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को एक नया अलग कार्ड जारी किया जाएगा। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस प्रतिबद्धता के अनुरूप है जिसमें उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत कवरेज देने का वादा किया था। पहले से कवर किए गए परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त साझा टॉप-अप कवर मिलेगा।
70 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को मिलेगा फायदा
अश्विनी वैष्णव ने कहा, यदि कोई वरिष्ठ नागरिक वर्तमान में किसी अन्य केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना के तहत कवर किए गए हैं, तो उनके पास Ayushman bharat में स्विच करने का विकल्प होगा। 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति कोई भी हो, इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
कैबिनेट की बैठक में अन्य प्रमुख फैसले
- ई-बसों का संचालन- प्रधानमंत्री ई-बस पेमेंट सिक्योरिटी मैकेनिज़्म के तहत 169 शहरों में 38,000 ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इस योजना के तहत मासिक भुगतान की गारंटी होगी, जिससे ई-बस संचालन की लागत कम होगी और प्रदूषण कम होगा।
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- सुदूरवर्ती गांवों के लिए 62,500 किलोमीटर नई सड़कें बनाई जाएंगी। इस परियोजना के लिए 70,125 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।
- मिशन मौसम- 2,000 करोड़ रुपये की लागत से मिशन मौसम लॉन्च होगा। इसमें डेटा मॉडलिंग, नई जेनरेशन के रडार और डेटा आधारित तकनीक पर फोकस किया जाएगा, जिससे सटीक मौसम की जानकारी मिल सकेगी, जो खेती और किसानों के लिए लाभकारी होगी।