क्या होता है USB कंडोम… जानें जूस जैकिंग के लिए कितना जरूरी है इसका इस्तेमाल

what is usb condom : आज मोबाईल के बिना रहना मुश्किल है. घर से लेकर ऑफिस तक और यात्रा के दौरान यह काम के साथ साथ मनोरंजन का सबसे आसान उपाय बन गया है. लेकिन अकसर हम और आप इसके चार्जिंग को लेकर परेशान हो जाते हैं खासकर यात्रा के दौरान. हालांकि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, मॉल और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्ज करने सुविधा मिलने लगी है. लेकिन यह सिर्फ अब सुविधा नहीं रहा, बल्कि साइबर सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा बनता जा रहा है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि पब्लिक चार्जिंग पोर्ट्स के जरिए मोबाइल से डेटा चोरी और मैलवेयर अटैक की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी खतरे से बचाव के लिए अब एक छोटा-सा डिवाइस चर्चा में है, जिसे USB कंडोम कहा जाता है।

क्या होता है USB कंडोम?

USB कंडोम दरअसल एक USB डेटा ब्लॉकर डिवाइस है, जो मोबाइल और चार्जिंग पोर्ट के बीच लगाया जाता है। इसका काम मोबाइल को सिर्फ चार्जिंग की सुविधा देना होता है, जबकि डेटा ट्रांसफर पूरी तरह बंद रहता है। आसान शब्दों में कहें तो यह डिवाइस मोबाइल को चार्ज तो करता है, लेकिन किसी भी तरह के डेटा एक्सेस की अनुमति नहीं देता।

कैसे होता है डेटा चोरी?

साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, पब्लिक चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद कुछ USB पोर्ट्स में पहले से मैलवेयर इंस्टॉल हो सकता है। जैसे ही कोई यूजर अपना मोबाइल चार्जिंग के लिए लगाता है, उसी दौरान उसका कॉन्टैक्ट्स, फोटो और वीडियो, बैंकिंग ऐप्स की जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी चुपचाप हैक हो सकते हैं। इस तरह की साइबर ठगी को जूस जैकिंग (Juice Jacking) कहा जाता है। जिससे USB कंडोम सुरक्षा करता है.

USB कंडोम कैसे करता है सुरक्षा?

USB कंडोम में तकनीकी रूप से USB के डेटा पिन्स को ब्लॉक कर दिया जाता है और सिर्फ पावर सप्लाई वाले पिन्स एक्टिव रहते हैं . इससे मोबाइल चार्ज होता है, लेकिन चार्जिंग पोर्ट मोबाइल के डेटा तक पहुंच ही नहीं पाता।

किन लोगों के लिए ज्यादा जरूरी?

देखा जाए तो यह हरकिसी के लिए जरूरी है लेकिन साइबर एक्सपर्ट्स मानते हैं कि USB कंडोम खासतौर पर पत्रकारों और मीडिया कर्मियों, सरकारी अधिकारियों,बिजनेस ट्रैवलर्स ,फ्रीलांसर और डिजिटल प्रोफेशनल्स के लिए बेहद जरूरी है, जिनके मोबाइल में संवेदनशील डेटा मौजूद रहता है। इसलिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पब्लिक चार्जिंग पोर्ट से बचें, हमेशा पावर बैंक का इस्तेमाल करें और जरूरत पड़ने पर USB कंडोम जरूर साथ रखें. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, थोड़ी सी सावधानी मोबाइल और बैंक अकाउंट दोनों को सुरक्षित रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *