Asli Sone Ki Pehchan Kaise Kare : आज के समय में सोना और चांदी सिर्फ गहनों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि ये निवेश का भी बड़ा जरिया बन चुके हैं. ऐसे में बाजार में ना सिर्फ नकली आभूषणों की बिक्री तेजी से बढ़ी है बल्कि कई लोग ठगी का शिकार भी हो जाते हैं. लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं क्योंकि कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप खुद ही सोने और चांदी की शुद्धता की शुरुआती जांच कर सकते हैं.
घर पर ऐसे करें सोने की शुद्धता की जांच
- सिरके से टेस्ट
सोने की ज्वेलरी पर कुछ बूंद सिरका डालें. अगर कुछ देर बाद सोने के रंग में कोई बदलाव नहीं होता, तो यह शुद्ध सोना होता है. अगर रंग बदल जाए, तो सोना नकली हो सकता है.
- चुंबक से जांच
सोने पर चुंबक लगाएं.अगर चुंबक चिपकता नहीं है, तो सोना असली माना जाता है. अगर चिपक जाए, तो समझिए उसमें मिलावट है.
- पत्थर पर रगड़ टेस्ट
सोने को किसी सिरेमिक या काले पत्थर पर हल्का रगड़ें. अगर सुनहरी लकीर बने, तो सोना असली है. अगर काली या धूसर लकीर आए, तो नकली हो सकता है.
- पानी में डालकर जांच
एक बर्तन में पानी भरें और उसमें सोने की ज्वेलरी डालें. अगर सोना नीचे बैठ जाए, तो वह असली है. असल में सोना कितना भी हल्का हो, वह तैरता नहीं है.
घर पर ऐसे करें चांदी की शुद्धता की पहचान
- आइस क्यूब टेस्ट
चांदी की ज्वेलरी पर बर्फ का टुकड़ा रखें. अगर बर्फ तेजी से पिघल जाए, तो चांदी असली है. असल चांदी में थर्मल कंडक्टिविटी बहुत अधिक होती है.
- चुंबक टेस्ट
चांदी पर चुंबक लगाएं. अगर चुंबक आकर्षित नहीं होता, तो चांदी असली है. अगर चिपक जाए, तो वह नकली हो सकती है.
- ब्लीच टेस्ट
चांदी की ज्वेलरी पर एक बूंद ब्लीच डालें. अगर वह जगह तुरंत काली हो जाए, तो चांदी असली है.
- हॉलमार्क की जांच
असल चांदी पर 925 का स्टैंप, BIS मार्क और निर्माता का चिन्ह होता है. इन्हें आप मैग्नीफाइंग लेंस से भी देख सकते हैं.
- सिक्के की आवाज से पहचान
चांदी का सिक्का जमीन पर गिराएं. अगर घंटी जैसी साफ आवाज आए, तो सिक्का असली माना जाता है.
कैरेट से कैसे तय होती है सोने की शुद्धता?
सोने की शुद्धता कैरेट (Karat) से मापी जाती है. हर कैरेट में सोने की प्रतिशत मात्रा अलग-अलग होती है. 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध होता है, लेकिन इसकी ज्वेलरी कम बनती है, क्योंकि यह बहुत नरम होता है.वहीं 22 कैरेट सोना सबसे ज्यादा गहनों में इस्तेमाल किया जाता है, जबकि 18 कैरेट और उससे नीचे वाले सोने में दूसरी धातुएं अधिक मिली होती हैं.
- 24 कैरेट -99.9% शुद्ध सोना
- 22 कैरेट -91.6% शुद्ध सोना
- 18 कैरेट -75% सोना
- 14 कैरेट -58.3% सोना
- 10 कैरेट -41.7% सोना
सोना खरीदने से पहले क्या करें
हालांकि एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि घर पर की गई ये जांचें केवल प्राथमिक स्तर पर मदद करती हैं. पूरी तरह पक्की पुष्टि के लिए हमेशा हॉलमार्क सेंटर और अधिकृत ज्वेलर से जांच कराना जरूरी है. इसलिए अगर आप सोना या चांदी खरीदने जा रहे हैं, तो सिर्फ भरोसेमंद ज्वेलर से खरीदें, हॉलमार्क जरूर जांचें, कैरेट की जानकारी सही से लें और बिल और सर्टिफिकेट जरूर लें इस थोड़ी सी सावधानी आपको लाखों की ठगी से बचा सकती है.