Bihar politics : बिहार की राजनीति एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर खड़ी दिख रही है. खबर है कि मुख्यमंत्री Nitish Kumar कल सुबह 11:30 बजे राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करेंगे और इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. यह खबर केवल एक औपचारिक राजनीतिक घटना नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी संकेत हो सकते हैं. सबसे बड़ा प्रश्न यही है, क्या सचमुच नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं? और यदि ऐसा है, तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यू) के बीच जो खींचतान चली, वह किसी से छिपी नहीं थी. मुद्दा स्पष्ट था, क्या भाजपा खुले तौर पर यह स्वीकार करेगी कि अगला मुख्यमंत्री चेहरा फिर से नीतीश कुमार ही होंगे? यह बहस केवल राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं रही, मीडिया की सुर्खियों से लेकर विश्लेषणों तक, हर जगह इसी चर्चा ने स्थान पाया. विपक्ष ने भी इसे हाथोंहाथ लिया. चुनावी रणनीतिकार Prashant Kishor ने तो यहां तक कह दिया था कि नीतीश कुमार अगले मुख्यमंत्री नहीं होंगे, और अगर हुए तो वे राजनीति छोड़ देंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एनडीए के आंतरिक सर्वेक्षणों में यह संकेत मिला कि सुशासन की छवि के बिना गठबंधन को जनसमर्थन पाना कठिन हो सकता है. अंततः, भाजपा सहित एनडीए के सहयोगी दलों ने नीतीश कुमार के नाम पर सहमति दी. यह सहमति कितनी सहज थी और कितनी राजनीतिक विवशता का परिणाम यह अलग बहस का विषय है. लेकिन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता ने गठबंधन को स्वीकार किया और उसके नेतृत्व पर भी मुहर लगाई.
हालांकि परिणाम एनडीए की अपेक्षाओं के अनुरूप रहे, परंतु एक कसक बनी रही. भाजपा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, फिर भी मुख्यमंत्री पद सहयोगी दल के पास ही रहा. बिहार की सत्ता में अपनी केंद्रीय भूमिका तलाश रही भाजपा को अपने प्रदर्शन का वह राजनीतिक प्रतिफल नहीं मिला, जिसकी उसे उम्मीद रही होगी. वहीं, महत्वाकांक्षी सहयोगी नेता Chirag Paswan को भी सीमित संतोष करना पड़ा. दूसरी ओर, छोटे सहयोगी दलों के नेताओं Jitan Ram Manjhi और Upendra Kushwaha को राजनीतिक समीकरणों का लाभ अवश्य मिला. भारतीय राजनीति में यह विरल उदाहरण है कि Bharatiya Janata Party जैसा दल किसी राज्य में मजबूत प्रदर्शन के बावजूद सहयोगी की भूमिका में संतुष्ट रहे. बिहार इस संदर्भ में अपवाद रहा है. यही कारण है कि वर्तमान घटनाक्रम को केवल एक राज्यसभा नामांकन के रूप में नहीं देखा जा सकता.
यदि नीतीश कुमार वास्तव में सक्रिय राज्य राजनीति से केंद्र की ओर रुख करते हैं, तो यह न केवल नेतृत्व परिवर्तन होगा, बल्कि गठबंधन की शक्ति-संतुलन की नई परिभाषा भी तय करेगा. क्या भाजपा इस अवसर को अपने मुख्यमंत्री के रूप में स्थापित करने की कोशिश करेगी? क्या जदयू फिर किसी नए चेहरे के साथ नेतृत्व कायम रख पाएगी? या फिर यह सब केवल राजनीतिक अटकलें हैं और नीतीश कुमार अभी बिहार की कमान संभाले रहेंगे? बिहार की राजनीति में अनिश्चितता नई नहीं है, लेकिन इस बार दांव कहीं अधिक बड़ा है. राज्यसभा का नामांकन यदि औपचारिकता से आगे बढ़ता है, तो बिहार की सत्ता-समीकरण में एक नया अध्याय खुल सकता है. फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यथावत है, क्या यह नेतृत्व परिवर्तन की भूमिका है, या महज राजनीतिक रणनीति का एक और अध्याय?