राज्यसभा की सदस्यता और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा…नीतीश की विदाई की तारीख तय…!

Bihar politics : बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार को लेकर चल रही अटकलों पर अब धीरे-धीरे तस्वीर साफ होती दिख रही है. हाल के दिनों में यह चर्चा तेज थी कि वे बिहार विधान परिषद की सदस्यता से कब इस्तीफा देंगे, राज्यसभा की सदस्यता कब ग्रहण करेंगे और मुख्यमंत्री पद से कब हटेंगे.

इस्तीफे को लेकर स्पष्ट होती स्थिति

मीडिया सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार 30 मार्च से पहले ही विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं. संविधान के प्रावधानों के तहत कोई व्यक्ति एक साथ दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता, इसलिए उन्हें एक पद छोड़ना अनिवार्य है. हालांकि पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि वे राज्यसभा चुनाव के गजट प्रकाशन के 14 दिनों के भीतर इस्तीफा देंगे, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि वे निर्धारित समयसीमा से पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर लेंगे. नीतीश कुमार इन दिनों अपनी समृद्धि यात्रा के अंतिम चरण में व्यस्त हैं. यात्रा समाप्त होने के बाद उनके इस्तीफे की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है.

राज्यसभा सदस्यता और आगे की योजना

जानकारी के मुताबिक 10 अप्रैल से नए राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल शुरू होगा और 12 अप्रैल को नीतीश कुमार शपथ ले सकते हैं. इसके बाद 13–14 अप्रैल के आसपास वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इस तरह बिहार को जल्द ही नया मुख्यमंत्री मिल सकता है. इसी बीच उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ती नजर आ रही है. कई कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को संभावित राजनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *