पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Election) को लेकर भाजपा ने अपने सहयोगी दलों को सीटें देने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक भाजपा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को एक सीट और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (रामविलास) को एक सीट देगी. जेडीयू को बुराड़ी और चिराग पासवान की पार्टी को देवली सीट मिलना तय हुआ है.
दिल्ली और बिहार के चुनावों के बीच समीकरण
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Election)के बाद इस साल बिहार में भी विधानसभा चुनाव होने हैं, जिससे भाजपा ने अपने सहयोगी दलों का ध्यान रखा है. नीतीश कुमार और चिराग पासवान दोनों ही एनडीए के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं, और भाजपा इन दोनों को दिल्ली चुनाव में भागीदारी देने के लिए तैयार है, ताकि बिहार में भी चुनावी सहयोग बनाए रखा जा सके.
चिराग पासवान का बयान
दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की भूमिका को लेकर चिराग पासवान ने कहा था कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास पासवान के जनाधार और दावेदारी के साथ अपनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा, “हम एनडीए को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और दिल्ली में भी हम जीत हासिल करेंगे. हमारी पार्टी का उद्देश्य चुनावी सफलता के साथ एनडीए को मजबूती देना है. हमारी दावेदारी उन सीटों पर होगी, जहां हमारी पार्टी का मजबूत जनाधार है.”
Delhi Election: तारीखें और मुकाबला
दिल्ली में विधानसभा चुनाव (Delhi Election)के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है, और उम्मीदवार 17 जनवरी तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 5 फरवरी को वोटिंग होगी, और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे.
दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच है. आम आदमी पार्टी ने अपनी सरकार के कार्यों और योजनाओं का प्रचार करते हुए दावा किया है कि दिल्ली की जनता उन्हें फिर से मौका देगी. वहीं, कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियां आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं.