बिहार चुनाव में एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश के क्या है बड़े कारण…कहां मैदान मार गए नीतीश कुमार

Bihar politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझान लगभग तस्वीर साफ कर चुके हैं. कुल 243 सीटों में से एनडीए 192 सीटों पर निर्णायक बढ़त बनाए हुए है, जबकि महागठबंधन 46 सीटों तक सिमटता दिखाई दे रहा है. यह जनादेश केवल विपक्ष की कमज़ोरियों का नतीजा नहीं है, बल्कि एनडीए की रणनीतिक सूझबूझ, ठोस नेतृत्व, सामाजिक समीकरण और लाभार्थी-आधारित शासन मॉडल की एक संयुक्त सफलता है. फिलहाल इस जीत को समझने के लिए इसके 6 प्रमुख बात को समझना जरूरी है.

नीतीश कुमार एनडीए की जीत का सबसे मजबूत स्तंभ

बिना किसी शक के इस चुनाव में एनडीए की सबसे स्थिर और प्रभावी ताकत 74 वर्षीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहे. 2005 में जंगल राज की कहानी बदलने वाले नीतीश ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया कि आज भी बिहार का सबसे स्वीकार्य चेहरा वहीं हैं. खुद कुर्मी समुदाय (3.5%) से होते हुए भी नीतीश ने अपनी स्वीकार्यता को जाति-सीमा से परे बनाया और ईबीसी (36%), दलित, अगड़ी जातियां और महिलाएं सभी में अपना भरोसा बनाया. राजद के मुल वोटर होते हुए भी मुसलमान उन्हें अपना प्रतिद्वंद्वी नहीं मानते, और इस बार उनका एक हिस्सा भी एनडीए में गया. नीतीश के स्वास्थ्य और उम्र पर उठे सवाल रुझानों के साथ ध्वस्त हो गए. उनकी सामाजिक इंजीनियरिंग और प्रशासनिक छवि फिर निर्णायक साबित हुई.

NDA में पासवान वोट बैंक का पूरा ट्रांसफर

एनडीए की ऐतिहासिक जीत में चिराग पासवान (LJP-RV) की भूमिका अनदेखी नहीं की जा सकती. 2020 में नीतीश को लगभग 40 सीटों का नुकसान पहुंचाने वाले चिराग 2025 में भाई चिराग बनकर एनडीए की धुरी साबित हुए. उनकी पार्टी को मिली 29 सीटें और चिराग की 100 से अधिक रैलियों के साथ सोशल मीडिया पर जबरदस्त पकड़ ने पासवान समाज (5–6%) का लगभग एकमुश्त वोट दिलाया. इन सबने मिलकर एनडीए की सीटों में सीधा इजाफा किया. चिराग की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने पासवान वोट को न केवल एकजुट रखा बल्कि बिना किसी स्प्लिट के जेडीयू व बीजेपी में वोट ट्रांसफर भी कराया, जो इससे पहले असंभव माना जाता था.

अंदरूनी तकरार के बावजूद शानदार समन्वय

2025 में एनडीए की सबसे बड़ी ताक़त उसका अनुशासित गठबंधन मॉडल रहा. जेडीयू और बीजेपी के बीच बराबर सीटें (101–101) पर लड़ने और एलजेपी, हम आदि दलों के असंतोष को समय रहते शांत करना तथा टिकट वितरण पर समय पर रहते सहमति बना लिया गया. वहीं दूसरी ओर, महागठबंधन अंत तक सीट शेयरिंग पर उलझा रहा. नामांकन की अंतिम तारीख गुजरने के बाद भी दल आपस में भिड़ते रहे. मतदाता यह सब देख रहा था और उसने स्थिर गठबंधन को चुना.

मुख्यमंत्री चेहरे पर सस्पेंस वाली रणनीति सफल

बीजेपी द्वारा सीएम चेहरे पर सस्पेंस बनाए रखना शुरुआत में पार्टी की कमजोरी माना गया, लेकिन चुनावी नतीजों ने इसे उसके लिए डबल बेनिफिट रणनीति साबित किया. नीतीश विरोधी बीजेपी वोटर्स को उम्मीद बनी रही कि भविष्य में बीजेपी का सीएम बन सकता है. नीतीश समर्थक वोटर्स को संदेश गया कि गठबंधन में उनकी अहमियत बनी रहेगी. बीजेपी यही मॉडल दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा में भी अपना चुकी है और बिहार में भी यह रणनीति कामयाब रही.

सुशासन और विकास मॉडल के 20 साल का कैशबैक

चुनाव परिणाम यह दिखाते हैं कि बिहार की जनता ने सुशासन और विकास के 20 साल को एक तरह से मैंडेट री–कन्फ़र्मेशन दे दिया है. जिसके पीछे जो वजह रही उसमें बिहार की सड़क नेटवर्क 1 लाख किमी, बिजली का 95% कवरेज, अपराध दर में 50% गिरावट, स्मार्ट सिटी व एक्सप्रेसवे से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति, शिक्षा सुधार, स्किल डेवलपमेंट, रोजगार–केंद्रित घोषणाएं,जीविका दीदी मॉडल से 1.2 करोड़ महिलाएं जुड़ीं रही और यही कारण रहा कि मध्यम वर्ग, महिलाएं और युवा तीनों पर एनडीए का पकड़ मजबूत बनी.

इसके साथ नीतीश का सात निश्चय और केंद्र की योजनाओं ने ग्रामीण बिहार में नीतिगत लाभार्थियों का विशाल आधार खड़ा किया. पीएम आवास, उज्ज्वला योजना ,आयुष्मान योजना,शौचालय योजना ,नल-जल योजना ,वृद्धावस्था पेंशन , छात्राओं के लिए साइकिल–स्कॉलरशिप जैसी योजनाओं ने 5 करोड़ से अधिक लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाया. महिलाओं को पंचायत व नौकरी में विशाल आरक्षण का असर इस बार भी निर्णायक रहा. बिहार 2025 का यह जनादेश साफ संदेश देता है कि जनता स्थिरता, सुशासन और मजबूत नेतृत्व को वरीयता दे रही है. एनडीए की यह जीत केवल गठबंधन का गणित नहीं है, बल्कि नीतीश के नेतृत्व, चिराग की ऊर्जा, बीजेपी की रणनीति और लाभार्थी–आधारित विकास मॉडल का संयुक्त परिणाम है. जो आने वाले वर्षों में बिहार की राजनीति की परिभाषा बदलने वाली है.

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 सीटवार रिजल्ट चेक करने के लिए यहां (realisticmedia.in) क्लिक करें

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *