Nitish Kumar politics : बिहार की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. साल 2025 के आखिरी दिन पटना में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय और आसपास के इलाकों में निशांत कुमार के समर्थन में पोस्टर लगाए गए, जिनमें उनसे सक्रिय राजनीति में आने की अपील की गई है. इन पोस्टरों ने नए साल से ठीक पहले राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे दिया है.
नए साल पर बड़ा सियासी संकेत?
जानकारी के मुताबिक, ये पोस्टर छात्र जदयू की ओर से लगाए गए हैं. पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गई हैं और शायरी के अंदाज में यह संदेश लिखा गया है कि बिहार की जनता निशांत कुमार को राजनीति में देखना चाहती है. पोस्टर पर लिखा था नव वर्ष की नई सौगात, नीतीश सेवक मांगें निशांत. चाचा जी के हाथों में सुरक्षित अपना बिहार, अब पार्टी के अगले जेनरेशन का भविष्य संवारें भाई निशांत कुमार. जदयू दफ्तर पर लगाए गए इन पोस्टरों को महज संयोग नहीं माना जा रहा है. पार्टी से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह नए साल से पहले एक राजनीतिक संदेश है. सवाल उठ रहा है कि क्या 2026 में प्रवेश से पहले निशांत कुमार की राजनीति में औपचारिक एंट्री की जमीन तैयार की जा रही है? बीते कुछ समय से जदयू के भीतर यह मांग लगातार उठती रही है कि निशांत कुमार को पार्टी की अगली पीढ़ी का चेहरा बनाया जाए.
बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें
परिवारवाद बनाम उत्तराधिकार की बहस
नीतीश कुमार लंबे समय से खुद को परिवारवाद के खिलाफ बताने वाले नेताओं में गिने जाते हैं. ऐसे में पोस्टरों के जरिए उठी यह मांग राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि निशांत कुमार राजनीति में कदम रखते हैं, तो यह नीतीश कुमार की अब तक की घोषित सोच से अलग फैसला माना जाएगा. यही वजह है कि बिहार की राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों के बीच यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि क्या नीतीश कुमार अपने बेटे के लिए रुख बदलेंगे? अब तक इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, निशांत कुमार से जब भी राजनीति में आने को लेकर सवाल किया जाता है, वह आमतौर पर चुप्पी साध लेते हैं या जवाब देने से बचते रहे हैं. इस चुप्पी ने अटकलों को और हवा दे दी है.
ये भी पढ़ें : नीतीश कुमार पर कितना कर्ज…मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक किया संपत्ति का पूरा ब्योरा
जदयू के भीतर बढ़ता दबाव
पार्टी के अंदरखाने में यह चर्चा तेज है कि संगठन के कई नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत कुमार को नीतीश कुमार का राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया जाए. हालांकि, जदयू के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि ऐसा कोई भी फैसला पूरी तरह नीतीश कुमार के विवेक और इच्छा पर निर्भर करेगा. फिलहाल, पोस्टरों के जरिए उठी यह मांग नए साल के साथ बिहार की राजनीति में एक नई बहस का संकेत दे रही है. क्या निशांत कुमार 2026 में सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे या यह महज समर्थकों की भावनात्मक अपील भर है, इसका जवाब तो आने वाला वक्त ही देगा.