क्या सीमांचल में नया केंद्र शासित प्रदेश बनाएगी मोदी सरकार..! गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से अटकलें तेज

Seemanchal Politics : बिहार और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती सीमांचल इलाकों को मिलाकर नया केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने की चर्चाओं ने अचानक राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. इन अटकलों को उस समय और हवा मिली जब केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के तीन दिवसीय सीमांचल दौरे पर हैं. हालांकि केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन विपक्षी दलों का दावा है कि सीमांचल क्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक बदलाव संभव है.

विपक्ष का दावा राजनीतिक लाभ के लिए हो सकता है फैसला

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार सीमांचल और बंगाल सीमा से लगे कुछ जिलों को मिलाकर नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने पर विचार कर रही है. पार्टी का कहना है कि यह कदम विकास या सुरक्षा के बजाय राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से उठाया जा सकता है. RJD नेताओं के अनुसार, बेरोजगारी, पलायन और विशेष राज्य के दर्जे जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सीमांचल का मुद्दा उठाया जा रहा है. उनका यह भी दावा है कि इस संभावित कदम का असर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee के वोट बैंक पर पड़ सकता है.

बीजेपी ने बताया अफवाह

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने नए केंद्र शासित प्रदेश की चर्चाओं को अफवाह करार दिया है. उनका कहना है कि गृह मंत्री का दौरा पूरी तरह से राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास योजनाओं की समीक्षा से जुड़ा है. बीजेपी के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ, तस्करी और अन्य सुरक्षा चुनौतियां लंबे समय से चिंता का विषय रही हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि कोई भी निर्णय लिया जाएगा तो वह राष्ट्रीय हित और सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही होगा. मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों हवाले से दावा है कि गृह मंत्री अपने दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा बलों, स्थानीय प्रशासन और खुफिया एजेंसियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे. घुसपैठ और तस्करी से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. दौरे से पहले सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. बॉर्डर पोस्ट की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. पुलिस, एसएसबी और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार फीडबैक ले रही हैं. प्रशासन को विकास परियोजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.

क्या है सीमांचल का महत्व?

सीमांचल क्षेत्र बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित है और पश्चिम बंगाल तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ है. यह इलाका लंबे समय से घुसपैठ, तस्करी और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों को लेकर चर्चा में रहा है. ऐसे में गृह मंत्री का दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है. फिलहाल नए केंद्र शासित प्रदेश के गठन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन उच्चस्तरीय बैठकों, बढ़ी सुरक्षा गतिविधियों और राजनीतिक बयानों ने सीमांचल में सियासी तापमान जरूर बढ़ा दिया है. अब सबकी निगाहें गृह मंत्री के दौरे के निष्कर्षों और संभावित अगली घोषणाओं पर टिकी हैं. क्या यह दौरा केवल सुरक्षा समीक्षा तक सीमित रहेगा या सीमांचल के लिए कोई बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आएगा, इसका जवाब आने वाले दिनों में स्पष्ट हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *