विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बिहार टीम का ऐलान…वैभव सूर्यवंशी को बड़ी जिम्मेदारी

Bihar Cricket : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित एकदिवसीय प्रतियोगिता विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बिहार सीनियर पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतियोगिता रांची में आयोजित की जाएगी, जहां बिहार की टीम अपने शुरुआती दो मुकाबले खेलेगी। इन्हीं पहले दो मैचों को ध्यान में रखते हुए चयनित खिलाड़ियों की सूची सार्वजनिक की गई है। टीम का चयन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति द्वारा किया गया है। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन, फिटनेस और निरंतरता को आधार बनाते हुए संतुलित टीम का गठन किया है।

साकिबुल गनी को कप्तानी

घोषित टीम में साकिबुल गनी को कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी बिपिन सौरभ और आयुष लोहारूका संभालेंगे, जो टीम को बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों में मजबूती प्रदान करेंगे।

ये खिलाड़ी करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व

बिहार की सीनियर पुरुष टीम में पियूष कुमार सिंह, मंगल महरौर, आकाश राज, सूरज कश्यप, शबीर खान, शब्बीर खान, बादल कनौजिया, हनी सिंह, हिमांशु तिवारी, हिमांशु सिंह और कुमार रजनीश को शामिल किया गया है। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी के लिए आयोजित कैंप में शामिल अन्य खिलाड़ी स्टैंडबाय के रूप में टीम के साथ रहेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें मौका दिया जा सकता है। टीम के साथ अनुभवी सहयोगी स्टाफ को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनायक शामंत को मुख्य कोच, संजय कुमार को सहायक कोच नियुक्त किया गया है। इसके अलावा हेमेंदु कुमार सिंह फिजियोथेरेपिस्ट, गोपाल कुमार स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच और नंदन कुमार सिंह टीम मैनेजर की भूमिका निभाएंगे। सभी नियुक्तियां बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा की गई हैं।

बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने चयनित खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए कहा है कि टीम विजय हजारे ट्रॉफी में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए बिहार क्रिकेट का नाम रोशन करेगी। एसोसिएशन का मानना है कि अनुभव और युवाओं के संतुलन के साथ तैयार की गई यह टीम प्रतियोगिता में मजबूती से चुनौती पेश करेगी। अब सभी की निगाहें रांची में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां बिहार की सीनियर पुरुष टीम अपने प्रदर्शन से चयन प्रक्रिया को सही साबित करने उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *