कप्तान सूर्या के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की दमदार शुरुआत, तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड

T20 World Cup : टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने USA को 29 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न केवल मैच जिताऊ पारी खेली, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

सूर्यकुमार यादव ने खेली नाबाद 84 रनों की विस्फोटक पारी

USA ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन कमजोर फील्डिंग उनकी हार का बड़ा कारण बनी. अमेरिकी खिलाड़ियों ने तीन अहम कैच छोड़ दिए, जिसका पूरा फायदा भारतीय बल्लेबाजों ने उठाया. भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में आक्रामक शॉट्स और दबाव में संयम का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला.

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी. भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मुकाबले को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा. इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए सूर्यकुमार यादव ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. यह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका 17वां प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड रहा. इसके साथ ही उन्होंने Virat Kohli का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 16 अवॉर्ड दर्ज थे.

सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी

टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वालों की सूची में अब सूर्यकुमार यादव शीर्ष पर पहुंच गए हैं. इस सूची में Rohit Sharma 14 अवॉर्ड के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि Axar Patel 8 और Jasprit Bumrah 7 अवॉर्ड के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं.सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में कप्तान के तौर पर अपना आठवां टी-20I अर्धशतक भी लगाया और टी-20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 1000 रन पूरे करने का आंकड़ा भी छू लिया. रोहित शर्मा के बाद वे दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिन्हें टी-20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *