भारत-पाक मुकाबले मे बारिश के खलल की संभावनाओं से इन तीन टीमों पर संकट के बादल, क्या होगा सुपर-8 का समीकरण

india vs pakistan weather report : भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले मौसम ने नई चिंता खड़ी कर दी है. 15 फरवरी (रविवार) को R. Premadasa Stadium में होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है.श्रीलंका के मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है, जिसका असर कोलंबो के मौसम पर पड़ सकता है. रविवार सुबह मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है, लेकिन दोपहर बाद हालात बदल सकते हैं. पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर से शाम के बीच 50 से 70 प्रतिशत तक गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताई गई है. शाम 7 बजे निर्धारित मैच समय से पहले भारी बारिश की भी संभावना है, जिससे टॉस में देरी या ओवर घटाने जैसी स्थिति बन सकती है.

भारी बारिश की भी संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को नियमित अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है. यदि बारिश के कारण मुकाबला रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा. ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान के तीन मैचों में पांच-पांच अंक हो जाएंगे और दोनों ग्रुप-ए से सुपर-8 चरण में प्रवेश कर जाएंगे.फिलहाल भारत ग्रुप-ए की अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे और संयुक्त राज्य अमेरिका तीसरे स्थान पर है. मैच धुलने की स्थिति में संयुक्त राज्य अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे. यूएसए और नीदरलैंड्स के पास तीन मैचों में दो-दो अंक हैं और वे शेष मुकाबला जीतकर भी अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच पाएंगे. वहीं नामीबिया अपने दोनों मैच हार चुका है और उसके खाते में कोई अंक नहीं है.

मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं

हालांकि यदि भारत-पाकिस्तान मैच का नतीजा निकलता है, तो विजेता टीम सीधे सुपर-8 में पहुंच जाएगी. हारने वाली टीम चार अंकों के साथ यूएसए और नीदरलैंड्स के बराबर हो जाएगी, जिससे क्वालिफिकेशन की जंग अंतिम मुकाबलों तक खिंच सकती है. गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में ग्रुप चरण और सुपर-8 मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है. रिजर्व डे की व्यवस्था केवल सेमीफाइनल और फाइनल के लिए की गई है, जिससे इस मुकाबले पर मौसम का प्रभाव और भी महत्वपूर्ण हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *