पटना। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. उन्होंने 16 महीने बाद वनडे शतक जड़ा और अपनी दूसरी सबसे तेज वनडे सेंचुरी पूरी की. उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने 305 रनों का लक्ष्य महज 44.3 ओवर में हासिल कर लिया और इंग्लैंड को 4 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
रोहित के नाम वनडे में दूसरा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 258 पारियों में 338 छक्के जड़कर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (331 छक्के) को पीछे छोड़ दिया. अब उनसे आगे सिर्फ पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी हैं, जिन्होंने 369 पारियों में 351 छक्के लगाए हैं.
Rohit Sharma की सेकेंड फास्टेस्ट सेंचुरी
कटक वनडे में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने करियर की दूसरी सबसे तेज वनडे सेंचुरी पूरी की. उन्होंने मात्र 76 गेंदों पर शतक जड़ दिया. उनकी सबसे तेज वनडे सेंचुरी 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ आई थी, जब उन्होंने 63 गेंदों में शतक पूरा किया था.
भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वालों में तीसरे स्थान पर पहुंचे रोहित
रोहित शर्मा अब भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने के मामले में तीसरे स्थान पर आ गए हैं. उन्होंने राहुल द्रविड़ (48 शतक) को पीछे छोड़ते हुए अपना 49वां इंटरनेशनल शतक लगाया. इस सूची में सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ पहले और विराट कोहली 81 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज – टॉप रिकॉर्ड्स
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ इस दौरे पर अब तक 5 टी-20 और 2 वनडे खेले हैं, और हर मैच में टीम ने 9 या उससे ज्यादा विकेट गंवाए. इंग्लैंड की वनडे टीम ने 99वीं बार 300+ स्कोर बनाया, लेकिन 28वीं बार मैच गंवा दिया. भारत ने 136 बार 300+ रन बनाए हैं और उनमें से 27 बार हार झेली है. रोहित शर्मा बतौर कप्तान 50 वनडे में से 36 मैच जीत चुके हैं.
Rohit Sharma की कप्तानी में भारत की मजबूत स्थिति
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत शानदार प्रदर्शन कर रहा है. 50 वनडे मैचों में उनकी कप्तानी में टीम ने 36 जीत दर्ज की हैं. उनकी हालिया फॉर्म और आक्रामक शैली भारतीय टीम के लिए मजबूत संकेत हैं.