T20 World Cup 2026 : कोलंबो में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी. इस बहुप्रतीक्षित मैच में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा.
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ 8-1 रिकॉर्ड
कप्तान Suryakumar Yadav की अगुवाई में उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बना दिया. सूर्या सेना की तेज रन गति और सटीक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की टीम संघर्ष करती नजर आई. इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है. बड़े टूर्नामेंटों में भारत का यह दबदबा एक बार फिर साबित हुआ.
क्या फिर होगी टूर्नामेंट में भिड़ंत?
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस की भावनाओं का टकराव होता है. लीग मैच में भारत की इस बड़ी जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में फिर आमने-सामने आ सकती हैं. मौजूदा फॉर्मेट के अनुसार, सुपर 8 चरण में दोनों टीमों को अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा. प्री-सीडिंग नियमों के चलते वहां उनका आमना-सामना संभव नहीं है.
सेमीफाइनल या फाइनल में मुकाबला संभव
दोनों टीमों की दोबारा टक्कर तभी हो सकती है, जब वे सेमीफाइनल या फाइनल तक पहुंचें. भारत ने शानदार प्रदर्शन के दम पर सुपर 8 में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान को आगे बढ़ने के लिए अपने शेष मुकाबले जीतने होंगे. अगर दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करती हैं और नॉकआउट तक पहुंचती हैं, तो क्रिकेट प्रेमियों को एक और हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है.