नामीबिया मुकाबले से पहले टीम इंडिया को लग सकता है बड़ा झटका…एक अच्छी खबर तो दूसरी बुरी खबर

t20 world cup 2026 : टी20 विश्व कप में कल यानी की 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ गई हैं. विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, जिससे उनके अगले मैच में खेलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है.

दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती

सूत्रों के मुताबिक अभिषेक शर्मा को पेट में गंभीर संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए विभिन्न टेस्ट कर रहे हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कब तक अस्पताल से छुट्टी मिलेगी. बताया जा रहा है कि अभिषेक यूएसए के खिलाफ मुकाबले से पहले से ही पेट की समस्या से जूझ रहे थे. मैच के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई. उन्हें तेज बुखार था और तुरंत ड्रिप चढ़ाई गई. यूएसए के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे. दूसरी पारी में उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी. मैच के बाद भी अभिषेक मैदान पर नजर नहीं आए थे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे थे.

प्लेइंग इलेवन में बदलाव संभव

अगर अभिषेक नामीबिया के खिलाफ उपलब्ध नहीं होते हैं, तो टीम प्रबंधन संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ ओपनिंग के लिए भेज सकता है. टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि अभिषेक के पेट में कुछ दिक्कतें हैं. हमें उम्मीद है कि वह दो दिन में मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. हालांकि उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि वह समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं. इस बीच ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले ग्रुप-स्टेज मुकाबले से पहले भारतीय टीम से जुड़ गए हैं. वह टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे.

बुमराह की फिटनेस पर भी अपडेट

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर भी सकारात्मक खबर आई है. रयान टेन डोएशेट ने बताया कि बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद गेंदबाजी कर रहे हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं. वह अच्छी तरह मूव कर रहे हैं और अभ्यास में पूरी रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं. नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया की नजरें अब अभिषेक शर्मा की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो प्लेइंग इलेवन के संतुलन में अहम भूमिका निभा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *