Bihar Politics : राघोपुर में तेजस्वी यादव के सामने प्रशांत किशोर लड़ेंगे चुनाव ! जानें क्या है विश्लेषकों की राय…

पटना। बिहार की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. जन सुराज के संस्थापक और चर्चित चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor ) ने संकेत दिया है कि अगर उनकी पार्टी का फैसला हुआ तो वे राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. जन सुराज ने राज्य की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है और इसके लिए दावेदारों से आवेदन भी मंगवाए जा रहे हैं.

तेजस्वी यादव ने नहीं दिया जवाब

हालांकि जब इस संबंध (Prashant Kishor )में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राघोपुर से मौजूदा विधायक तेजस्वी यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. राघोपुर सीट वैशाली जिले में आती है और इसे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का गढ़ माना जाता है. इस सीट से तेजस्वी यादव दो बार विधायक रह चुके हैं, वहीं उनके माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी यहां से चुनाव जीत चुके हैं. हालांकि, 2010 के विधानसभा चुनाव में जब बिहार में एनडीए की लहर चली थी, तब राबड़ी देवी को हार का सामना करना पड़ा था.

Prashant Kishor : राघोपुर का जातीय समीकरण

राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 3.5 लाख मतदाता हैं. इनमें से लगभग 1.25 लाख यादव वोटर हैं, जो परंपरागत रूप से राजद के समर्थक माने जाते हैं. इसके अलावा, यहां करीब 75 हजार राजपूत, 45 हजार पासवान और 30 हजार रविदास समुदाय के मतदाता हैं. इस जातीय समीकरण के आधार पर देखा जाए तो तेजस्वी यादव का पलड़ा फिलहाल भारी नजर आता है.

चुनावी मुद्दे और संभावित मुकाबला

राघोपुर क्षेत्र में हर चुनाव में शिक्षा, रोजगार और बाढ़ जैसी समस्याएं प्रमुख मुद्दे रही हैं, लेकिन इन पर जातीय समीकरण हावी रहता है. अगर प्रशांत किशोर(Prashant Kishor ) इस सीट से चुनाव लड़ते हैं तो मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है. अभी तक राघोपुर में मुख्य रूप से राजद और एनडीए के बीच ही सीधा मुकाबला होता आया है, लेकिन पीके के मैदान में आने से यह समीकरण बदल सकता है.

हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ने का जोखिम उठाने से बच सकते हैं. ऐसे में अब देखना यह होगा कि जन सुराज किस रणनीति के तहत अपने उम्मीदवारों की घोषणा करता है और क्या प्रशांत किशोर वाकई राघोपुर से चुनावी अखाड़े में उतरेंगे या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *