क्या संजू सैमसन पहनेंगे पीली जर्सी? CSK CEO ने दिया एमएस धोनी के खेलने पर बड़ा अपडेट

IPL 2026:आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. टीम के सीईओ कासी विश्वनाथन ने संकेत दिए हैं कि एमएस धोनी अगले सीजन में भी टीम का हिस्सा रहेंगे. वहीं, संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में आने की संभावना पर भी बड़ा अपडेट सामने आया है. क्रिकबज से बातचीत में कासी विश्वनाथन ने साफ किया कि धोनी एक बार फिर से मैदान पर उतरेंगे. जब उनसे पूछा गया कि क्या एमएस धोनी आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे, तो उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल सही बात है. एमएस ने हमें जानकारी दी है कि वह अगले सीजन भी उपलब्ध रहेंगे. धोनी न सिर्फ अगले सीजन में खेलेंगे बल्कि टीम की रणनीति और प्लानिंग का भी हिस्सा होंगे.

11 नवंबर को हो सकती है अहम बैठक

सूत्रों के मुताबिक 15 नवंबर को खिलाड़ियों के रिटेंशन की आखिरी तारीख है. उससे पहले एमएस धोनी, कप्तान रुतुराज गायकवाड़, कोच स्टीफन फ्लेमिंग और कासी विश्वनाथन की एक अहम बैठक 10 या 11 नवंबर को हो सकती है. इसी बैठक में संजू सैमसन के संभावित ट्रेड पर भी फैसला होने की उम्मीद है.

संजू सैमसन को लेकर जारी ट्रेड की चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बड़े खिलाड़ी की ट्रेड पर बातचीत चल रही है, जिसमें संजू सैमसन का नाम प्रमुख है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सीएसके का कौन सा खिलाड़ी इस डील का हिस्सा बन सकता है. बताया जा रहा है कि संबंधित खिलाड़ी से भी टीम प्रबंधन ने बातचीत की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह राजस्थान जाने को तैयार हैं या नहीं.

राजस्थान रॉयल्स की अन्य टीमों से भी बातचीत जारी

क्रिकबज की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बडाले ने सीएसके के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी बातचीत के रास्ते खुले रखे हैं. अब सभी की नजरें 11 नवंबर पर टिकी हैं, जब धोनी की अगुवाई में होने वाली बैठक के बाद संजू सैमसन के भविष्य और सीएसके के ट्रेड फैसले पर तस्वीर साफ हो सकती है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *