Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया. सत्र के पहले दिन नव-निर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आरंभ हुई. सबसे पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ली, इसके बाद दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने पद की शपथ ग्रहण की. इसके बाद प्राथमिकता क्रम के अनुसार मंत्रियों और विधायकों का शपथ ग्रहण हुआ. शपथ ग्रहण से पहले प्रोटेम स्पीकर ने सदन को संबोधित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सदन में उपस्थित रहे .
पहले दिन 243 नवनिर्वाचित विधायक लेंगे शपथ
सत्र के पहले दिन कुल 243 नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जानी है. इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया भी आज शुरू हो रही है. दो दिसंबर को नए विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा. यह सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा और कुल पांच बैठकें होंगी. वहीं, बिहार विधान परिषद का सत्र तीन दिसंबर से शुरू होकर पांच दिसंबर तक चलेगा, जो केवल तीन दिनों का होगा.
18वीं विधानसभा का यह पहला सत्र
विधानसभा चुनाव और नई सरकार के गठन के बाद 18वीं विधानसभा का यह पहला सत्र है, जिसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं. जहां विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रहा है, वहीं सरकार भी हमलों का जवाब देने के लिए तैयार है.