Virat kohli records : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला शुक्रवार, 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। फिलहाल सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और तीसरा वनडे जीतने वाली टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी। टीम इंडिया के लिए इस मैच का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज विराट कोहली अपने करियर के कई बड़े कीर्तिमानों के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
कोहली का दबदबा, दो मैच-दो शतक
विराट कोहली इस सीरीज में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने पहले मैच में 135 और दूसरे मैच में 102 रन की पारी खेलते हुए लगातार दो शतक लगाए। 118.50 की औसत से अब तक 237 रन बनाकर वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनकी इन पारियों ने टीम इंडिया को न सिर्फ मजबूत शुरुआत दी, बल्कि उन्हें कई रिकॉर्ड्स की रेस में भी खड़ा कर दिया है।
नीचे पढ़िए वे 3 बड़े रिकॉर्ड जो विराट कोहली कल के तीसरे वनडे में अपने नाम कर सकते हैं
- दो बार ODI शतकों की हैट्रिक
वनडे क्रिकेट के इतिहास में अब तक 12 बल्लेबाज लगातार तीन पारियों में शतक जमाकर ODI हैट्रिक बना चुके हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम यह कारनामा दो बार करने वाले दुनिया के अकेले खिलाड़ी हैं। भारत की ओर से विराट कोहली और रोहित शर्मा एक-एक बार वनडे शतकों की हैट्रिक बना चुके हैं। अगर विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में भी शतक लगाते हैं, तो वह ODI में शतकों की हैट्रिक दो बार लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 4 वनडे शतक
विराट कोहली पहले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीन वनडे शतकों का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। मौजूदा सीरीज के दो मैचों में शतक लगाने से पहले उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरी ठोकी थी। अगर कोहली कल भी शतक जमाते हैं, तो वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार चार वनडे शतकों वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे।
- इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका
विराट कोहली अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 555 मैचों में कुल 27,910 रन बना चुके हैं। वह अब सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके ऊपर श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगाकारा हैं, जिनके नाम 28,016 रन दर्ज हैं। यानी, कोहली को संगाकारा को पीछे छोड़कर दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 107 रन और चाहिए। अगर वह यह आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो केवल सचिन तेंदुलकर (34,357 रन) उनके आगे रहेंगे।
कल कोहली की नजरें टीम की जीत पर
भारत के लिए यह मैच सिर्फ सीरीज जीतने की लड़ाई नहीं है, बल्कि टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी विराट कोहली के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धियों का अवसर है। उनकी फॉर्म और टीम की जरूरतें दोनों मिलकर यह संकेत दे रही हैं कि विशाखापत्तनम का यह मुकाबला बेहद यादगार साबित हो सकता है।