India odi squad vs new zealand : भारतीय वनडे टीम में एक बड़े फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को भारतीय टीम से बाहर किया जा सकता है. चयन समिति से जुड़े सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया रहा है कि टीम मैनेजमेंट आगामी सीरीज से पहले मौजूदा फॉर्म और टीम बैलेंस को प्राथमिकता देना चाहता है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 से 18 जनवरी के बीच खेली जाएगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस हफ्ते के अंत तक टीम का ऐलान कर सकता है. ऐसे में पंत की जगह ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
ऋषभ पंत को क्यों किया जा सकता है बाहर?
ऋषभ पंत ने भारत के लिए आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त 2024 को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेला था. इसके बाद वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा जरूर रहे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. वर्तमान में पंत विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं. हालांकि उनका प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है. टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में उन्होंने क्रमशः 5 और 70 रन बनाए हैं. सूत्रों के मुताबिक, चयनकर्ता न्यूजीलैंड सीरीज के लिए आगे की योजना पर काम कर चुके हैं और मौजूदा फॉर्म को अहम आधार बनाया जा रहा है. ऐसे में पंत का बाहर होना उनके वनडे करियर में एक अस्थायी विराम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें : बिहार के वैभव सूर्यवंशी को भारतीय अंडर-19 टीम की कमान…साउथ अफ्रीका दौरे के लिए कप्तान नियुक्त
ईशान किशन की शानदार वापसी
ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में ईशान किशन को वनडे टीम में करीब दो साल बाद मौका मिल सकता है. ईशान ने आखिरी बार 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त वापसी की. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में ईशान किशन ने सबसे ज्यादा रन बनाए और झारखंड को उसका पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. फाइनल मुकाबले में उन्होंने हरियाणा के खिलाफ शतक जड़ा था. इतना ही नहीं, विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक के खिलाफ ईशान ने सिर्फ 33 गेंदों में शतक ठोक दिया, जो किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज लिस्ट-ए शतक है. इसी दमदार प्रदर्शन के चलते उन्हें भारत की टी20 वर्ल्ड कप टीम में भी चुना गया है.
कप्तानी में भी हो सकता है बदलाव
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए शुभमन गिल की वनडे कप्तान के रूप में वापसी तय मानी जा रही है. वह गर्दन की चोट के कारण साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर थे, लेकिन अब पूरी तरह फिट होकर लौट रहे हैं. हालांकि, उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की उपलब्धता को लेकर अभी संशय बना हुआ है क्योंकि उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया गया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी की थी और भारत ने वह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी.