अपनी शादी को लेकर जमुई में श्रेयसी सिंह का बड़ा बयान…बताया किस लड़के से जोड़ेगी नाता ?

Shreysi Singh wedding news:बिहार की खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह रविवार को जमुई पहुंचीं, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जिले भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने न केवल खेल और विकास से जुड़े कई अहम ऐलान किए, बल्कि निजी जीवन से जुड़े सवालों का भी बेबाक और दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया. मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे शादी को लेकर सवाल पूछा गया तो मंत्री श्रेयसी सिंह मुस्कुराते हुए बोलीं कि जब सही व्यक्ति मिलेगा, तब शादी जरूर होगी. समाज की जो व्यवस्था है, उसका पालन सभी को करना चाहिए. सही समय आने पर आप सबको भी शादी का निमंत्रण दिया जाएगा. उनके इस जवाब पर मौजूद लोगों में हल्की मुस्कान और चर्चा का माहौल बन गया.

भागलपुर और बांका को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

खेल विकास को लेकर मंत्री ने कई बड़े ऐलान किए.उन्होंने बताया कि भागलपुर में जल्द ही ओलंपिक स्तर की बैडमिंटन अकादमी की स्थापना की जा रही है. अकादमी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के नाम से नामांकित किया जाएगा. इसके साथ ही बांका जिले के ओढ़नी डैम क्षेत्र में इंटरनेशनल लेवल का वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा. श्रेयसी सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार के खिलाड़ियों को राज्य में ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बाहर जाने की मजबूरी न हो और बिहार की खेल पहचान राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मजबूत हो सके.

हर जिले में खेल अकादमी जरूरी

श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक हर जिले में खेल अकादमी,बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे, तब तक ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार नहीं किए जा सकते. उन्होंने कहा कि सरकार इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है.

क्या है सक्षम और प्रेरणा योजना

मंत्री ने बिहार सरकार की नई सक्षम और प्रेरणा योजना का भी जिक्र किया.उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत विभिन्न स्तरों पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को स्पॉन्सरशिप और स्कॉलरशिप दी जाएगी. उनका दावा था कि बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने इस तरह की व्यापक खेल प्रोत्साहन योजना को लागू किया है.

एकलव्य कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 68

शिक्षा और खेल को जोड़ने की दिशा में सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि पहले हर जिले में एक-एक एकलव्य कॉलेज खोलने की योजना थी, लेकिन अब इसकी संख्या बढ़ाकर 68 कर दी गई है. फिलहाल 12 कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि तीन तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से बंद हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वित्तीय वर्ष के अंत तक सभी 68 कॉलेजों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए रहने, खाने-पीने और प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी.

ये भी पढ़ें : बिहार में बनने वाली है पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी… बांका के ओढ़नी डैम में होगी स्थापना

तेजस्वी यादव पर राजनीतिक तंज

राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें समर्थन नहीं दिया, इसलिए वे आउट ऑफ साइट, आउट ऑफ माइंड हो गए हैं. मंत्री ने आगे कहा कि जब नेतृत्व कमजोर होता है, तो कार्यकर्ताओं और आम जनता का भरोसा टूटना स्वाभाविक है.

खेल के जरिए रोजगार पर सरकार का फोकस

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए लगातार काम कर रही है. मेडल लाओ, नौकरी पाओ जैसी योजनाओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और खेल को रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने मध्य प्रदेश के खेल मॉडल की भी सराहना की और कहा कि उसी तर्ज पर बिहार में खेल अकादमियों और प्रशिक्षण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *