Mumbai Murder : महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी ही छह वर्षीय मासूम बेटी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में हुए खुलासों ने न केवल समाज की सोच, बल्कि परवरिश के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या है पूरा मामला
यह घटना कलंबोली इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय आरोपी महिला अपने पति और बेटी के साथ रहती थी. 23 दिसंबर को वह अपनी बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची और डॉक्टरों को बताया कि बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. मामले की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. शुरुआत में पुलिस ने इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए मामला दर्ज किया. लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो सच्चाई ने सभी को चौंका दिया. रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया.
आरोपी महिला ने कबूला अपना जुर्म
कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, महिला ने हत्या के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए. पहला, वह बेटे की चाहत रखती थी और बेटी होने के कारण मानसिक रूप से असंतुष्ट थी. दूसरा, उसे इस बात से गहरी नाराजगी थी कि उसकी बेटी मराठी नहीं बोल पाती थी और केवल हिंदी में ही बात करती थी. महिला का मानना था कि बच्ची का भाषा विकास सही नहीं हो रहा है. तीसरा कारण महिला की मानसिक स्थिति बताया जा रहा है. पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी महिला का डिप्रेशन का इलाज भी चल रहा था और वह छोटी-छोटी बातों पर अत्यधिक तनाव में आ जाती थी.
ये भी पढ़ें : लाइफ सेट हो जाएगी…6 दिन पहले हिरासत से छूटे मास्टरमाइंड ने की गर्लफ्रेंड के लिए 1.08 करोड़ की चोरी
30 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में
कलंबोली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्थानीय अदालत ने उसे 30 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस जघन्य अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी या यह पूरी तरह से महिला की मानसिक अस्थिरता का नतीजा है.