सत्ता मजबूत, विपक्ष कमजोर और नए समीकरण की सुगबुगाहट…बिहार की राजनीति के लिए कैसा रहा साल 2025 ?

Bihar political Year Ender 2025: साल 2025 बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम, उतार-चढ़ाव भरा और निर्णायक साबित हुआ. यह साल जहां सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं के लिए मजबूती और विस्तार का संकेत लेकर आया, वहीं विपक्षी खेमे के लिए आत्ममंथन, संगठनात्मक कमजोरी और रणनीतिक असफलताओं का साल बनकर उभरा. पूरे वर्ष बिहार की राजनीति में सत्ता-संतुलन, नेतृत्व और जनादेश को लेकर गहन मंथन देखने को मिला.

सत्ता पक्ष के लिए मजबूती का साल

2025 में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार की राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत की. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्ष भर राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे और एक बार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर लगातार बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बावजूद सत्ता में स्थिरता बनाए रखने का अपने राजनीतिक अनुभव और रणनीतिक कौशल को दिखाया.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने विकास, कानून-व्यवस्था और सामाजिक कल्याण योजनाओं को राजनीतिक नैरेटिव का मुख्य आधार बनाए रखा. जिसके दम पर NDA को 2025 के चुनाव में 200 से अधीक सीटों पर सफलता मिली. एक तरफ जहां नीतीश कुमार एक बार फिर से तुरुप के इक्के साबित हुए वहीं नीतीश की ऊंगली पकड़ कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी बिहार में अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया. पार्टी ने जमीनी स्तर पर विस्तार, युवा नेतृत्व को आगे लाने और केंद्र सरकार की योजनाओं को चुनावी मुद्दों से जोड़ने की रणनीति अपनाई. इसका असर यह रहा कि भाजपा राज्य की राजनीति में पहले से अधिक प्रभावशाली भूमिका में नजर आई.

विपक्ष के लिए चुनौतीपूर्ण रहा 2025

दूसरी ओर विपक्षी दलों के लिए साल 2025 उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और उसके नेता तेजस्वी यादव वर्ष भर सरकार को घेरने की कोशिश करते रहे, लेकिन संगठनात्मक मजबूती और स्पष्ट राजनीतिक एजेंडे की कमी विपक्ष पर भारी पड़ी और नतीजा यह हुआ की बीते कुछ चुनाव से नंबर वन रहने वाली पार्टी महज एक सीट से सदन में विपक्ष का नेता चुनने से बच गई. महागठबंधन के भीतर तालमेल की कमी, नेतृत्व को लेकर असमंजस और जमीनी स्तर पर कमजोर पकड़ विपक्ष की बड़ी चुनौतियां रहीं. कांग्रेस के लिए भी 2025 आत्ममंथन का साल साबित हुआ. हालांकि दावा किया जा रहा था कि कांग्रेस राज्य में 35 साल का सुखा खत्म करने जा रही है, लेकिन पार्टी बिहार में अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने में नाकाम रही और अंदरूनी असंतोष की खबरें लगातार सामने आती रहीं. कई मौकों पर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठे और रणनीति को लेकर असहमति खुलकर सामने आई.

ये भी पढ़ें : वैश्विक उथल-पुथल और पड़ोसी देशों में चुनाव के बीच बड़ी कूटनीतिक इम्तिहान…क्या 2026 होगा भारत के लिए निर्णायक साल?

नई राजनीतिक समीकरणों की मौजूदगी

2025 में बिहार की राजनीति में कुछ नए राजनीतिक प्रयोग और चेहरे भी चर्चा में रहे. हालांकि जनसुराज जैसी नई पार्टियों और वैकल्पिक राजनीति की कोशिशों ने राजनीतिक विमर्श को जरूर प्रभावित किया, लेकिन वे अभी तक मुख्यधारा की राजनीति को सीधी चुनौती देने की स्थिति में नहीं पहुंच सकीं.

जनता के मुद्दे और राजनीतिक विमर्श

पूरे साल बिहार की राजनीति में बेरोजगारी, पलायन, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे केंद्र में रहे. महिला मतदाताओं और युवाओं की भूमिका भी लगातार बढ़ती दिखाई दी. राजनीतिक दलों ने इन वर्गों को साधने के लिए घोषणाएं और योजनाएं पेश कीं, लेकिन ज़मीनी असर को लेकर सवाल भी उठते रहे. साल 2025 ने साफ कर दिया कि बिहार की राजनीति में सत्ता पक्ष फिलहाल मजबूत स्थिति में है, जबकि विपक्ष को खुद को फिर से खड़ा करने के लिए गंभीर संगठनात्मक और वैचारिक बदलाव की जरूरत है. आने वाला समय यह तय करेगा कि क्या विपक्ष 2025 से सबक लेकर नई रणनीति के साथ वापसी कर पाएगा या बिहार की राजनीति में मौजूदा शक्ति-संतुलन और मजबूत होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *