Bihar weather today : बिहार में कड़ाके की ठंड से नहीं मिलेगी अभी राहत, 10 जनवरी तक कोल्ड डे का अलर्ट

Weather Update : बिहार के अधिकांश जिलों में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया सहित कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण शीतलहर का असर और तेज हो गया है।

न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस

राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। भागलपुर, गया, नालंदा, सीवान और समस्तीपुर जैसे जिलों में रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भागलपुर का सबौर इलाका सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कोहरे से राहत नहीं

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। सुबह और देर रात कोहरे के कारण दृश्यता भी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

ठंड से बचाव की अपील

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम घर से बाहर न निकलने की अपील की है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *