Iran conflict : ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है. दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यवसायियों और पर्यटकों समेत सभी भारतीयों से अपील की है कि वे कमर्शियल फ्लाइट समेत उपलब्ध सभी साधनों का इस्तेमाल कर जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें.
स्थानीय घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की अपील
भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है. दूतावास ने लोगों से प्रदर्शन स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने, स्थानीय घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रखने और दूतावास के साथ संपर्क में रहने की सलाह दी है. दरअसल, बीते कुछ हफ्तों से ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं. मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों के दौरान सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं. हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं.
ईरान की यात्रा से बचने की सलाह
ईरान के साथ बढ़ती अंतरराष्ट्रीय तनातनी के बीच अमेरिका पहले ही अपने नागरिकों से ईरान छोड़ने की एडवाइज़री जारी कर चुका है. इसके अलावा कनाडा ने भी अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है. ऐसे में भारत सरकार और भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और ईरान में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठा रहे हैं. दूतावास ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत दूतावास से संपर्क करें.