शादी का झांसा देकर बनाया संबंध…प्रेग्नेंट होने पर कराया अबॉर्शन, पॉक्सो एक्ट में कथावाचक श्रवण दास गिरफ्तार

Darbhanga News : दरभंगा पुलिस ने शनिवार को यौन शोषण के गंभीर आरोपों में कथावाचक श्रवण दास जी महाराज को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर 17 वर्षीय नाबालिग से शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करने, प्रेग्नेंसी के बाद जबरन अबॉर्शन कराने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप हैं. इस मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी श्रवण दास बीते एक महीने से फरार था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी. जांच के दौरान उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार किया गया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.

मां की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

पीड़िता की मां ने दिसंबर 2025 में महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि आरोपी कथावाचक ने उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर दो बार अबॉर्शन की दवा खिलाकर गर्भपात कराया गया. मां का दावा है कि पीड़िता बेटी की हालत अबॉर्शन की दवा खाने से काफी खराब हो गई थी. उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

घर में किराए पर रहकर करता था शोषण

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि श्रवण दास उनके ही घर में किराए पर कमरा लेकर रहता था. घर में जब कोई मौजूद नहीं होता था, तब वह नाबालिग बेटी के साथ गलत कृत्य करता था. जब इस संबंध में मंदिर के महंत और श्रवण दास के गुरु राम उदित दास उर्फ मौनी बाबा को जानकारी दी गई, तो उन्होंने कथित रूप से यह कहकर मामला दबाने की कोशिश की कि लड़की के बालिग होने पर दोनों की शादी करवा दी जाएगी. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 3 जून 2023 को एक कार्यक्रम के दौरान श्रवण दास ने उसकी मां से मोबाइल नंबर लिया था. इसके बाद वह फोन पर बातचीत करने लगा. इस मामले में श्रीराम जानकी मंदिर और पचाढ़ी स्थान के महंत राम उदित दास उर्फ मौनी बाबा को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है.

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध

पीड़िता ने मामले को लेकर पुलिस की शिकायत में कहा कि 24 फरवरी 2024 को वह अचानक हमारे घर आए और मां से किराए पर कमरा मांगा. 2 मार्च 2024 को घर में अकेला पाकर शादी का झांसा देकर मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद लगातार शोषण करता रहा. पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे अक्सर मंदिर या घर में अकेले बुलाता था और कहता था कि तुम बहुत लकी हो कि मैंने तुम्हें छुआ है. मेरी सेवा करो, जितनी सेवा करोगी उतना फल मिलेगा. जब लड़की ने शादी की बात की तो आरोपी ने कहा कि तुम अभी नाबालिग हो. बालिग हो जाओ फिर शादी की बात करेंगे. अभी मेरी आज्ञा मानो. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे जबरन कपड़े उतारने के लिए मजबूर करता था और आपत्तिजनक बातें करता था.

पुलिस कर रही मामले की जांच

दरभंगा पुलिस का कहना है कि मामले में मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और पीड़िता के बयान के आधार पर मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *