भोजपुर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़…भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद,महिला समेत दो गिरफ्तार

Bihar Crime : भोजपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तियर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस, खोखा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं. मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. भोजपुर के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी सफलता की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तियर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव में अवैध रूप से हथियारों का निर्माण किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई.

छापेमारी में बरामद हुए हथियार और मशीनें

पुलिस जब उत्तरदाहा गांव पहुंची तो वहां चल रही अवैध फैक्ट्री देखकर टीम भी हैरान रह गई. मौके से दो देशी कट्टा, छह अर्धनिर्मित कट्टा, जिंदा कारतूस और खोखा के अलावा हथियार बनाने में प्रयुक्त विद्युत ड्रिल मशीन तथा अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए गए. इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी धनजी शर्मा (पिता – स्व. मुनीलाल शर्मा), निवासी उत्तरदाहा गांव को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा एक महिला अभियुक्त को भी हिरासत में लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. एसपी मिस्टर राज के अनुसार यह मिनी गन फैक्ट्री काफी समय से गुप्त रूप से संचालित की जा रही थी और यहां से आसपास के जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई की जा रही थी.

अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका

एसपी ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस फैक्ट्री के पकड़े जाने से हथियार तस्करों और अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. पुलिस की सक्रियता से हथियारों की एक बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई, जिससे कई संभावित आपराधिक घटनाओं को टाला जा सका है.

बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है. गिरफ्तार अभियुक्तों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियारों की सप्लाई किन-किन जिलों में की जा रही थी और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन से मास्टरमाइंड शामिल हैं. पुलिस अधीक्षक ने इस सफल उद्भेदन में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *