Ghaziabad suicide News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भरत सिटी सोसाइटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की लत से जूझ रही थीं. मृतक बहनों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों बहनें ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम खेला करती थीं. परिजन लगातार उन्हें मोबाइल और ऑनलाइन गेम से दूर रहने की समझाइश दे रहे थे, जिससे वे मानसिक रूप से तनाव में थीं.
कोरोना काल में पड़ी गेमिंग की लत
परिवार के अनुसार कोरोना महामारी के दौरान तीनों बहनों को मोबाइल गेम की लत लग गई थी. इसके बाद वे नियमित पढ़ाई से भी दूर होती चली गईं और स्कूल जाना अनियमित हो गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीनों बहनें हर काम एक साथ करती थीं और गेम भी साथ-साथ खेला करती थीं. यह घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. घटना के बाद पिता चेतन कुमार गहरे सदमे में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
युवाओं में बढ़ते आत्महत्या के मामले चिंता का विषय
देश में युवाओं और किशोरों के बीच आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 1995 से 2021 के बीच 1,34,735 युवाओं ने आत्महत्या की. वहीं, बीते 26 वर्षों में देश में लगभग 33 लाख आत्महत्याएं दर्ज की गईं, जिनमें करीब 40 प्रतिशत युवा और नाबालिग शामिल थे. एनसीआरबी के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 में देश में कुल 1,70,924 आत्महत्याएं दर्ज की गईं, जो 2021 की तुलना में 4.2 प्रतिशत अधिक हैं. यह घटना एक बार फिर बच्चों और युवाओं में बढ़ती ऑनलाइन लत और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.