Darbhanga child rape : बिहार के दरभंगा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला इलाके में शनिवार रात छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय युवक विकास महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे मिलने की बात सामने आई है।
तालाब किनारे खेल रही थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, बच्ची कादिराबाद की रहने वाली थी और बेला में अपने ननिहाल आई हुई थी। शनिवार शाम से वह घर से लापता थी। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात में गांव के बाहर तालाब के पास कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों को शक हुआ। मौके पर पहुंचने पर तालाब किनारे दीवार के पास बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय तीन बच्चियां तालाब किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। दो बच्चियां किसी तरह भाग निकलीं, जबकि एक बच्ची उसके कब्जे में आ गई। आरोप है कि आरोपी उसे सुनसान जगह ले गया, जहां दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे।
कुछ लोग आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और भीड़ के बीच नोकझोंक के बाद पत्थरबाजी की घटना भी हुई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मौके पर पांच थानों की पुलिस बल तैनात है और प्रशासन के वरीय अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.