पुराने रास्ते पर जन सुराज की नई राजनीति…बगहा से प्रशांत किशोर ने शुरू की बिहार नवनिर्माण यात्रा

Prashant Kishor Bihar Navnirman Yatra : पश्चिम चंपारण के बगहा से जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को अपनी नई पहल बिहार नवनिर्माण यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया. यात्रा की शुरुआत के मौके पर उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प तैयार करना है. इसके लिए संगठन लगातार गांव-गांव जाकर जनता के बीच काम कर रहा है.

हर जिले में संगठन को मजबूत करने पर फोकस

प्रशांत किशोर ने कहा कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी जन सुराज ने अपने अभियान की गति कम नहीं की. बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत संगठन हर जिले में अपनी संरचना को मजबूत करने पर फोकस कर रहा है. उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पुराने साथियों से संवाद करना, नए लोगों को संगठन से जोड़ना और जमीनी स्तर पर संगठन के ढांचे को नए सिरे से खड़ा करना है. उन्होंने कहा कि मैं इस यात्रा के जरिए संगठन के साथियों से चर्चा करने, आगे की रणनीति तय करने और हर जिले में संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहा हूं.

बिहार सरकार पर निशाना

कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने चुनाव के दौरान महिलाओं को 2-2 लाख रुपये देने के सरकारी वादे को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जन सुराज का संगठन घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर योग्य महिला तक यह राशि पहुंचे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं से किया गया वादा पूरा कीजिए. हर महिला को 2-2 लाख रुपये दीजिए. अगर यह वादा पूरा नहीं होता है तो यह साफ हो जाएगा कि यह सिर्फ चुनावी लालच था. ऐसी स्थिति में जन सुराज जनता के साथ मिलकर इसे बड़े आंदोलन के रूप में उठाएगा.

जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ईमानदारी से काम

RJD-कांग्रेस गठबंधन में कथित मतभेदों को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने चुनाव के दौरान सभी दलों की भूमिका स्पष्ट कर दी है. उन्होंने कहा कि जनता ने NDA को सत्ता चलाने की जिम्मेदारी दी है, राजद को विपक्ष की भूमिका सौंपी है और जन सुराज को समाज के बीच जाकर लोगों के मुद्दों पर काम करने का दायित्व दिया है. हम वही कर रहे हैं, जो जनता ने हमें करने को कहा है. उन्होंने दोहराया कि जन सुराज किसी राजनीतिक विवाद में उलझने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ईमानदारी से काम करता रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *