Samastipur News : समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय छात्र के अपहरण कर जबरन शादी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित छात्र नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर उसे बेहोश किया और फिर पकड़ौआ विवाह करा दिया.
लाइब्रेरी से लौटते समय रची गई साजिश
पीड़ित के अनुसार, वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी गया था. वहां से निकलने के बाद वह दो दोस्तों के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने गया. आरोप है कि इसी दौरान कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिलाकर उसे पिला दी गई. इसके बाद वह अचेत हो गया.नीतीश का कहना है कि बेहोशी की हालत में उसकी शादी करवा दी गई. “शादी के वक्त मुझे होश नहीं था. नशा इतना था कि मैं बार-बार उल्टी कर रहा था. बेहोशी की हालत में ही मेरी मांग भरवाई गई,” उसने बताया.
मंडप में बेहोश होता रहा दूल्हा
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शादी की रस्मों के दौरान युवक लड़खड़ाता और गिरता दिखाई दे रहा है. वीडियो में कुछ लोग उसे पकड़कर खड़ा रखते हैं और जल्दबाजी में रस्में पूरी कराते नजर आते हैं. आरोप है कि शादी के बाद युवक को एक कमरे में बंद कर दिया गया और 24 घंटे तक वहीं रखा गया. होश आने पर युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. वीडियो में वह कहता नजर आता है, मुझे राहुल और कुंदन ने किडनैप कर लिया है. नशे की दवा दी गई है. 24 घंटे से बंद कर रखा है और मारपीट भी की गई है.
मोबाइल में देखीं अपनी शादी की तस्वीरें
करीब दो दिन तक बंद कमरे में रहने के बाद जब युवक को होश आया तो उसने शोर मचाया. आरोप है कि इसी दौरान उसे बताया गया कि उसकी शादी हो चुकी है. मन बहलाने के लिए जब उसने मोबाइल मांगा, तो आरोपियों ने उसे फोन दे दिया. मोबाइल की गैलरी में उसने अपनी शादी की तस्वीरें देखीं. इसके बाद उसने वीडियो बनाकर अपने परिजनों और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. परिजन पहले से ही युवक की तलाश कर रहे थे. वीडियो मिलने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने छापेमारी कर किया रेस्क्यू
शिकायत मिलने के बाद पटोरी थाना पुलिस ने युवक द्वारा बताए गए लोकेशन के आधार पर चकराजअली गांव में छापेमारी की और उसे बरामद कर लिया. बाद में युवक को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया. जिस युवती से शादी कराई गई, वह फिलहाल अपने घर पर ही है. पटोरी के डीएसपी बी.के. मेधावी ने बताया कि युवक का बयान दर्ज कर लिया गया है. मामले में पकड़ौआ विवाह का आरोप लगाया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है.