Udit Narayan controversy : बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने बिहार के सुपौल महिला थाना में आवेदन देकर उदित नारायण, उनके दो भाइयों तथा दूसरी पत्नी पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए हैं।
क्या है नया मामला
मंगलवार को अपने अधिवक्ता करुणाकांत झा के साथ महिला थाना पहुंचीं रंजना ने आरोप लगाया कि उनके साथ आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए 1996 में उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में उन्हें वर्षों बाद इलाज के दौरान जानकारी मिली। शिकायत के अनुसार, रंजना ने स्वयं को सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत संस्कृत निर्मली वार्ड 11 निवासी चंद्रकांत झा की 61 वर्षीय पुत्री बताया है। उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर 1984 को उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से उदित नारायण झा के साथ हुई थी। रंजना के मुताबिक विवाह के बाद 1985 में उदित नारायण करियर बनाने के लिए मुंबई चले गए। बाद में मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि उदित ने दीपा नारायण नामक महिला से दूसरी शादी कर ली है। हालांकि, जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो उन्हें लगातार गुमराह किया गया।
अपने मायके में रहती है रंजना
रंजना ने आरोप लगाया कि 1996 में इलाज के बहाने उदित नारायण, उनके भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले गए, जहां बिना उनकी सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय उदित की दूसरी पत्नी दीपा नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं। आरोपों के अनुसार वर्ष 2006 में जब वह मुंबई गईं तो उदित नारायण और दीपा नारायण ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और घर में प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद वह नेपाल स्थित ससुराल पहुंचीं, जहां से भी उन्हें वापस लौटा दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही हैं। रंजना ने बताया कि उन्होंने पूर्व में परिवार न्यायालय सुपौल और महिला आयोग में भी वाद दायर किया था। उनका दावा है कि वहां उदित नारायण ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए समझौता पत्र भी दाखिल किया था। इसके बावजूद उन्हें न तो सम्मान मिला और न ही वैवाहिक सहयोग।
बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहीं रंजना
बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहीं रंजना ने कहा कि इलाज के दौरान ही उन्हें अपने गर्भाशय निकाले जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। मीडिया से बातचीत में रंजना ने कहा, “हमें मजबूरी में फिर महिला थाना आना पड़ा है। उदित नारायण बार-बार कमिटमेंट करते हैं, लेकिन पूरा नहीं करते। हमें न्याय मिलना चाहिए। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। आरोपों पर उदित नारायण या उनके परिवार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोर्स : मीडिया रिपोर्ट