Pawan Singh : बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित व्यवहार न्यायालय में मंगलवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेता एवं 2024 लोकसभा चुनाव के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह पेश हुए। यह मामला लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन से जुड़ा है, जिसमें उनके खिलाफ पूर्व में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने प्रशासनिक अनुमति से अधिक संख्या में वाहनों और समर्थकों के साथ रोड शो निकाला। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और चुनावी नियमों का उल्लंघन हुआ। इसी प्रकरण में अदालत ने उन्हें तलब किया था। मंगलवार को न्यायालय में पेशी के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उन्हें जमानत प्रदान कर दी गई। मामले की अगली सुनवाई की तिथि न्यायालय द्वारा निर्धारित की जाएगी।