Darbhanga Cricket news : दरभंगा जिले के नगर पंचायत पाली में सोमवार को आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान दो पक्षों के बीच हुई नोकझोंक ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को पहले घनश्यामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया.
क्या है मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. एहतियातन क्यूआरटी और दंगा नियंत्रण टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीमियर लीग का फाइनल मैच तुमौल और बसौली गांव की टीमों के बीच खेला जा रहा था. इसी दौरान दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई. आरोप है कि गनौन पंचायत के पंसस समशेद तौहीद के पुत्र मो. चांद ने मच्छहट्टा बाजार में मछली बेच रहे मो. एहसान से मछली काटने वाला चाकू छीन लिया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया.
फाइनल मैच का पुरस्कार वितरण समारोह स्थगित
इस घटना में पाली गांव निवासी लालमोहन मिश्र के पुत्र आदित्य मिश्र (20), रसियारी गांव निवासी सुनील झा के पुत्र दुर्गानंद झा (22) और महथवार गांव निवासी गणेश मिश्र के पुत्र रंजन मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 12 थानों की पुलिस बल को बुलाया गया. एहतियातन पाली बाजार बंद करा दिया गया तथा फाइनल मैच का पुरस्कार वितरण समारोह स्थगित कर दिया गया.
मैच के दौरान विवाद में चाकूबाजी की घटना
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना हुई है. तीन लोग घायल हैं और उनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनी हुई है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं. यदि बिना अनुमति मैच आयोजित किया गया पाया गया तो आयोजकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.