बिहार में बदल रहा मौसम का मिजाज… फरवरी में बढ़ेगा तापमान ! जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम

Bihar Weather : बिहार में मौसम का स्वरूप धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है. जहां एक ओर सर्दी अब कमजोर पड़ने लगी है, वहीं दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में ठंड का असर कम हो रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ेगा. हालांकि इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि फरवरी के दौरान बिहार के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है.

मौसम में हल्का बदलाव

राज्य में दिन का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है, लेकिन दिन में मौसम सामान्य बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत हैं. हालांकि बिहार में फरवरी के दौरान सामान्य तौर पर बारिश की संभावना कम ही है. कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को प्रभावित कर सकती हैं.

तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी

राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में हल्का कोहरा और ठंडी हवा चलने की संभावना जताई गई है. पटना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि 20 फरवरी के बाद राज्य में ठंड लगभग समाप्त हो जाएगी और गर्मी की शुरुआत हो जाएगी. हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय ठंड की तीव्रता जनवरी जैसी नहीं है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह

विशेषकर सुबह यात्रा करने वाले लोगों को कम दृश्यता की समस्या का सामना करना पड़ सकता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनें और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें. फिलहाल अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और बारिश के भी आसार नहीं हैं. अब देखना होगा कि राज्य में बारिश कब दस्तक देती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *