बेटी गई, बेटा भी दो दिन में…नीट छात्रा के परिजनों को दोबारा मिली जान से मारने की धमकी..घर में मिला एक और पर्चा

NEET Student Death Case : जहानाबाद में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही है. इसी बीच मृत छात्रा के परिजनों को लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

क्या है मामला

परिजनों के अनुसार 14 फरवरी 2026, शनिवार को उनके घर के किचन में एक धमकी भरा पर्चा मिला था. इसके बाद 17 फरवरी 2026, मंगलवार को फिर से एक और पर्चा घर में फेंका गया. बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के बाहर से यह पर्चा अंदर फेंका. खाना बनाने के दौरान परिवार की महिला सदस्य की नजर इस पर पड़ी. परिवार का कहना है कि दोनों पर्चों में एक जैसा संदेश लिखा था कि बेटी गई, बेटा भी दो दिन में मरेगा. इस धमकी के बाद परिवार दहशत में है. उनका कहना है कि घर पर दिन में चौकीदार और सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, इसके बावजूद इस तरह पर्चा मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.

थाना प्रभारी को दी गई लिखित शिकायत

मामले को लेकर जब शकुराबाद थाना के थाना अध्यक्ष राहुल कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में अभी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पहले भी एक लिखित शिकायत थाना प्रभारी को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. परिवार ने आशंका जताई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति स्थानीय परिवेश से जुड़ा हो सकता है.

लगातार मिल रही धमकियों से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है. परिजनों ने प्रशासन से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *