Khesari Lal Yadav : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने फिल्म इंडस्ट्री में कथित सेलेक्टिव अप्रोच को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं. उनका बयान फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के नाम को लेकर जारी विवाद के बीच आया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल हाल ही में एक नई फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के शीर्षक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. कुछ संगठनों और यादव समाज के प्रतिनिधियों ने फिल्म के नाम और कथित कंटेंट पर आपत्ति जताई है. उनका आरोप है कि फिल्म में समुदाय की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है. विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर किसी विशेष समुदाय की गरिमा के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने मांग की है कि जब तक विवादित सीन हटाए नहीं जाते और कंटेंट में आवश्यक बदलाव नहीं किए जाते, तब तक फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज न किया जाए.
खेसारी लाल यादव ने क्या कहा
इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अगर पहले घूसखोर पंडित नामक फिल्म के खिलाफ लोग एकजुट होकर उसका नाम बदलवा सकते हैं, तो फिर यादव जी की लव स्टोरी के मामले में भी एक समान रवैया अपनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर किसी फिल्म का नाम समाज, वर्ग या पहचान से जुड़ा विवाद खड़ा करता है, तो हर मामले में एक जैसा दृष्टिकोण होना चाहिए. जो गलत है, सो गलत है, लिखते हुए उन्होंने संकेत दिया कि चुनिंदा मामलों में विरोध करना उचित नहीं है. पोस्ट के साथ उन्होंने फिल्म का पोस्टर भी साझा किया.
फिल्म के रिलीज पर संकट
विवाद के बीच फिल्म की रिलीज पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. यादव समाज के कुछ संगठनों ने रिलीज रोकने की मांग करते हुए निर्माताओं पर दबाव बनाया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निर्माता-निर्देशक समाज की मांगों को मानते हैं या फिर कानूनी रास्ता अपनाते हैं. फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट को लेकर संशय बना हुआ है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर निर्माताओं और विरोध कर रहे संगठनों की ओर से क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.