बयानों से बढ़ रहा सस्पेंस…क्या बदलने वाला है नीतीश कुमार मूड ? राज्यसभा जाने को लेकर फिर चर्चा में मुख्यमंत्री

Bihar politics : बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar के राज्यसभा जाने को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. हाल ही में उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है और सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि भी की थी, लेकिन सार्वजनिक सभाओं में वे अब तक इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं कह रहे हैं. यही वजह है कि राजनीतिक हलकों में सस्पेंस बना हुआ है. दरअसल, मुख्यमंत्री इन दिनों राज्य के विभिन्न जिलों में यात्रा पर हैं. इस दौरान मधेपुरा, सुपौल और अन्य जगहों पर दिए गए उनके भाषणों में उन्होंने राज्य के विकास, अपने पिछले कामों और आने वाले वर्षों की योजनाओं पर विस्तार से बात की, लेकिन राज्यसभा जाने के विषय पर एक शब्द भी नहीं कहा.

मुख्यमंत्री की चुप्पी से राजनीतिक अटकलें तेज

वरिष्ठ पत्रकार Arun Pandey ने एक चैनल से बातचीत के दौरान इसको लेकर कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी से राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं. अगर Nitish Kumar राज्यसभा जाते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है, जिससे बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है. राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हो रहे चुनाव के नतीजे 16 मार्च को आने की संभावना है. यदि वे निर्वाचित होते हैं, तो 10 अप्रैल से उनका कार्यकाल शुरू होगा. नियमों के मुताबिक किसी भी जनप्रतिनिधि को एक सदन की सदस्यता छोड़कर दूसरे सदन की सदस्यता लेने के लिए 14 दिनों के भीतर निर्णय लेना होता है.

मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का दे रहे संकेत

वहीं कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर मुख्यमंत्री राज्यसभा जाते हैं और पद छोड़ते हैं तो राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में नई स्थिति बन सकती है. ऐसे में Bharatiya Janata Party को पहली बार बिहार में अपने दल का मुख्यमंत्री मिलने की संभावना भी बन सकती है. हालांकि फिलहाल मुख्यमंत्री के बयानों से ऐसा संकेत भी मिल रहा है कि वे आने वाले वर्षों के लिए राज्य के विकास का एजेंडा बता रहे हैं. इससे यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे अभी मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का संकेत दे रहे हैं.

राजनीतिक गलियारों में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या Nitish Kumar वास्तव में राज्यसभा जाएंगे या अंतिम समय में कोई नया फैसला लेंगे. फिलहाल इस पूरे मामले पर सस्पेंस बरकरार है और अंतिम स्थिति स्पष्ट होने के लिए सभी की नजरें आने वाले दिनों पर टिकी हुई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *