LPG Cylinder Crisis : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब बिहार में भी देखने को मिल रहा है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है. सप्लाई प्रभावित होने के कारण होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इधर, घरेलू LPG गैस को लेकर भी स्थिति चिंताजनक बनती दिख रही है. गोपालगंज, खगड़िया, औरंगाबाद और पटना समेत कई जिलों में लोगों की गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं. लोग सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं लेकिन गैस एजेंसी पर ताला लटका हुआ है. वहां पहुंचे लोगों का आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई.
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
स्थिति को देखते हुए स्पेशल ब्रांच के डीआईजी ने राज्य के सभी डिविजनल कमिश्नर, सभी रेंज के आईजी और डीआईजी, सभी जिलों के डीएम तथा एसएसपी/एसपी को अलर्ट लेटर जारी किया है. इस पत्र में मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. पत्र में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में बाधा आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसी स्थिति में बिहार में भी इनकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है. प्रशासन ने आशंका जताई है कि आपूर्ति में कमी की खबरों के बीच गैस एजेंसियों, विक्रेताओं और पेट्रोल पंपों पर आम लोगों की भीड़ बढ़ सकती है. इससे अव्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने का खतरा है. इसके अलावा असामाजिक तत्वों द्वारा गैस सिलेंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी और कालाबाजारी किए जाने की भी आशंका जताई गई है.
जिलों को दिए गए विशेष निर्देश
स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखें. गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन को आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आम जनता को सही जानकारी दी जाए और किसी भी तरह की अफवाह फैलने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए.