Ipl schedule 2026 : इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2026 के सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) यानी BCCI ने फिलहाल पहले चरण के 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया है.
28 मार्च को होगा उद्घाटन मैच
सीजन का पहला मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें Royal Challengers Bengaluru का सामना Sunrisers Hyderabad से होगा. यह मैच बेंगलुरु के M. Chinnaswamy Stadium में प्रस्तावित है. हालांकि इस मुकाबले के आयोजन को लेकर अंतिम फैसला कर्नाटक सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा. पिछले साल स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ की घटना के बाद यहां मैच आयोजित करने पर रोक लगाई गई थी. इस मामले की जांच के लिए बनाई गई कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. यदि अनुमति नहीं मिलती है तो मैच का वेन्यू बदला जा सकता है.
पहले चरण में 20 मैच
BCCI ने फिलहाल 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया है. इस अवधि में कुल 20 मैच खेले जाएंगे. हर टीम को इस चरण में चार-चार मैच खेलने हैं. अधिकांश टीमों को दो होम और दो अवे मैच दिए गए हैं. हालांकि कुछ टीमों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है.
चुनावों की वजह से चरणों में शेड्यूल
पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव होने के कारण पूरे सीजन का शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया गया है. चुनाव आयोग की तारीखें घोषित होने के बाद बाकी मैचों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा. BCCI के अनुसार यह सिर्फ पहले चरण का कार्यक्रम है. चुनाव और प्रशासनिक अनुमति के आधार पर आगे के मैचों के वेन्यू और तारीखों में बदलाव संभव है.